मोदी कल जायेगें चित्रकूट, बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का करेगें शिलान्यास

- मोदी कल शनिवार को चित्रकूट के भरतकूप में बुंदेलखंड एक्स्प्रेसवे की आधारशिला रखेंगे
- यह एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड क्षेत्र को सड़क मार्ग के जरिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ेगा
- मोदी आगमन की तैयारियां देखने योगी आदित्यनाथ गए थे चित्रकूट
उत्तरप्रदेश : आयुषी जैन : उत्तर प्रदेश में एक और एक्सप्रेसवे की शुरुआत होने जा रही है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का शिलान्यास रखने जा रहे हैं, जिससे न सिर्फ स्थानीय लोगों को फायदा होगा बल्कि उनका दिल्ली आने का रास्ता भी छोटा हो जाएगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी शनिवार को चित्रकूट के भरतकूप में बुंदेलखंड एक्स्प्रेसवे की आधारशिला रखेंगे. यह एक्सप्रेसवे फरवरी, 2018 में सरकार द्वारा घोषित उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर की सहमति के बिंदुओं को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान देगा.
बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे चित्रकूट के भरतकूप के पास से शुरू होकर बांदा, हमीरपुर, महोबा और औरैया होते हुए इटावा के कुदरैल गांव के पास यमुना एक्सप्रेसवे से मिल जाएगा. इससे बुंदेलखंड से देश की राजधानी दिल्ली तक आने-जाने में समय और संसाधनों की बचत होगी.
करीब 15 हजार करोड़ आएगी लागत
296 किलोमीटर लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे से चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, ओरैया और इटावा जिलों को लाभ मिलने की उम्मीद है. 14849.09 करोड़ की लागत से बनने वाला यह एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड क्षेत्र को सड़क मार्ग के जरिए राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली से जोड़ेगा.
इसके अलावा 296.070 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे अभी चार लेन का होगा. भविष्य में इसे 6 लेन तक विस्तारित किए जाने की योजना है.
95 फीसदी भूमि का अधिग्रहण
एक्सप्रेसवे बनने से दिल्ली तक की दूरी कम होगी जिससे डीजल और पेट्रोल की खपत घटने से प्रदूषण भी घटेगा. इसके लिए अब तक 95 फीसदी से अधिक भूमि का अधिग्रहण भी हो चुका है.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगमन के मद्देनजर वहां हो रही तैयारियों का जायजा लेने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ खुद चित्रकूट गए थे. नीति आयोग ने कायाकल्प के लिए उत्तर प्रदेश के जिन 8 जिलों को चुना है, उनमें चित्रकूट भी शामिल है.
संयोग से चित्रकूट से ही इसकी शुरुआत भी होगी और प्रधानमंत्री यहीं से उसका शिलान्यास भी करेंगे. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कई बार यह कह चुके हैं कि शौर्य, संस्कार और परंपरा की धरती बुंदेलखंड आने वाले समय में उत्तरप्रदेश का स्वर्ग होगी.
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे का निर्माण कर रही है, जो चित्रकूट, बांदा, हमीरपुर और जालौन जिलों से गुजरेगा. यह एक्सप्रेसवे बुंदेलखंड क्षेत्र को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे और यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते से जोड़ेगा. साथ ही बुंदेलखंड क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा.




