भोपाल में मिले Corona के नए वेरिएंट Delta Plus को लेकर मंत्री विश्वास सारंग का बड़ा बयान

मध्यप्रदेश/भोपाल : मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में मिले कोरोना के नए वेरिएंट को लेकर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि हमारे यहां के जो सैंपल गए थे उसमें एनसीडीसी को एक सैंपल में से कोरोनावायरस का नया वेरिएंट मिला है, जिसकी हम आगे स्टडी करवा रहे हैं।
सारंग ने बताया कि टेस्ट करवाने के बाद सैम्पल्स को एनएसडीसी और हायर रिसर्च इंस्टीट्यूट में भेज कर उसके जेनेटिक और वैरीअंट के बारे में पता करने का काम सरकार कर रही हैं। इसी का परिणाम है कि हमें भोपाल के बरखेड़ा पठानी में एक महिला की टेस्टिंग में नए वेरिएंट का पता लगा हैं।एनएसडीसी ने इस बात की सूचना दी हैं।
उन्होंने बताया कि महिला का इलाज चल रहा हैं। महिला कोरोना वैक्सिनेटेड है और उनकी तबीयत अभी ठीक हैं। महिला की कांटेक्ट ट्रेसिंग भी की जा रही हैं।
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में कोरोना की रोकथाम और उसकी चेन को तोड़ने के लिए स्टडी करवा रहे हैं। सारंग ने कहा कि मध्यप्रदेश में कोरोनावायरस के केसों में कमी आने के बावजूद भी टेस्टिंग में किसी प्रकार की कमी नहीं की गई हैं। लगातार टेस्टिंग के कारण नए वेरिएंट्स का पता जल्द चल जाता हैं।
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश में भले ही कोरोना की दूसरी लहर का कहर कम ही हुआ हो, लेकिन प्रदेश में कोरोना के नए स्वरूप डेल्टा प्लस की एंट्री ने स्वास्थ्य विभाग के साथ साथ सरकार की चिंता को बड़ा दिया हैं।
बताया जा रहा है कि गांधी मेडिकल कॉलेज (GMC) से इस महीने 15 सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। रिपोर्ट के मुताबिक एक सैंपल में वायरस के डेल्टा प्लस वेरिएंट मिलने की खबर सामने आई हैं। राजधानी भोपाल के बाड़खेड़ा पठानी में 65 साल की एक महिला में ये नया वेरिएंट मिला हैं।




