13 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठी स्वाति मालीवाल की तबीयत बिगड़ी, ICU में कराया गया भर्ती
नई दिल्ली / खाईद जौहर – दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल बलात्कारियों को फांसी की सजा की मांग को लेकर पिछले 13 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। लेकिन आज अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उन्हें एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं। जहां उन्हें आईसीयू में शिफ्ट किया गया हैं। बताया जा रहा है कि कल भी उनकी तबीयत खराब थी और यूरिक एसिड बढ़ा हुआ था, लेकिन आज उनकी तबीयत ज्यादा खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें ICU में भर्ती करना पड़ा।
दरअसल महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल की यह मांग है कि 'दिशा विधेयक' को तत्काल लागू किया जाए। इस विधेयक के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर इसे जल्द से जल्द लागू करने की मांग की थी। अपनी इस मांग को लेकर वो पिछले 13 दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि दिशा विधेयक के पूरे देश में लागू होने तक वह अपना अनशन समाप्त नहीं करेंगी।
इससे पहले शुक्रवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा ने इस विधेयक को पारित किया। जिसके बाद आंध्र प्रदेश सरकार ने इस विधेयक को लागू किया हैं। इसमें महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामलों को 21 दिन के भीतर निस्तारित करने और मौत की सजा का प्रावधान हैं।