सभी खबरें

दमोह : किसानों के लिए फंदा है काला कानून- कपूर, कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने आए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव

किसानों के लिए फंदा है काला कानून- कपूर,
कार्यकर्ताओं में जोश फूंकने आए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव
दमोह से शंकर दुबे की रिपोर्ट : –
 नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव के ठीक पूर्व कार्यकर्ताओं में जोश भरने आए कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत की तथा विधानसभा चुनाव के लिए  कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोली। 
   अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के सचिव तथा मध्य प्रदेश संगठन के सह प्रभारी संजीव कपूर ने आज टंडन बगीचा में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में मृतप्राय: पड़ी कांग्रेस पार्टी में जोशीले अंदाज में भाषण देकर जान फूंकने का प्रयास किया।  कपूर ने कहा कि कांग्रेस का कार्यकर्ता ही सांसद और विधायक बनाता है। बड़े पदों पर बैठे लोग यह न सोचें कि वह महत्वपूर्ण हैं। बल्कि वह यह मानकर चलें कि वह जो कुछ भी है कार्यकर्ताओं की बदौलत ही उस मुकाम पर पहुंचे हैं।  कपूर ने कहा कि कार्यकर्ताओं की उपेक्षा जब होने लगती है तो उस नेता का भी पतन होने लगता है। इसलिए भले ही कोई सांसद या विधायक बन जाए लेकिन हमेशा कार्यकर्ताओं का सम्मान होना चाहिए। यही परंपरा कांग्रेस की है। कांग्रेस अपने कार्यकर्ताओं के सम्मान का पूरा ख्याल रखती है। उन्होंने कहा कि आने वाले नगरीय निकाय और पंचायत चुनाव में कांग्रेस को जीत दिलाने के लिए कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से जुट जाएं। इतना ही नहीं विधानसभा चुनाव में जिसे भी टिकट मिले उसके पक्ष में कार्यकर्ता और सभी पदाधिकारी एकजुट होकर विजय  दिलाएं। जिससे पूरे प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में भी इस बात का संदेश जाना चाहिए कि जनता ने बिकाऊ लोगों को नकार किया है। 

सम्मान नहीं किसानों का अपमान है “निधि” : –

 कपूर ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि किसानों को ₹2000 देकर केंद्र सरकार किसानों का सम्मान नहीं उनका अपमान कर रही है। उन्हें खरीदने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को किसानों के बीच जाकर किसान बिल के नुकसान और उससे पड़ने वाले प्रभाव के बारे में जानकारी देना चाहिए । यह कृषि बिल किसानों के लिए फंदा है। इस अवसर पर श्री कपूर ने मीडिया से भी चर्चा की तथा किसान बिल को केंद्र सरकार के लिए ताबूत में आखिरी कील बताया। उन्होंने कहा कि इस सरकार के दिन पूरे हो गए हैं।

भीड़ भी नहीं जुटी : –

आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में जिले भर से कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बुलाया गया। इसके बावजूद भी महज कुछ सैकड़ा लोग ही कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर कांग्रेस के जिला अध्यक्ष अजय टंडन, शहर अध्यक्ष यशपाल चौधरी, सतीश जैन, पूर्व जिला अध्यक्ष रतन चंद जैन, रूद्र प्रताप सिंह, भगवानदास चौधरी, प्रताप सिंह लोधी, नितिन मिश्रा, निधि श्रीवास्तव, अमर राजपूत, राशू चौहान, लालचंद राय, संजय चौरसिया, वीरेंद्र ठाकुर, आशुतोष शर्मा, अभिषेक डिम्हा सत बड़ी संख्या में लोग उपस्थित थे।                                                                                                      

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button