पार्टी से निष्कासित कांग्रेस नेता ने कमलनाथ-दिग्विजय के खिलाफ खोला मोर्चा, दे डाली घोटालों को उजागर करने की चेतावनी

भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद से पार्टी के अंदर अंदरूनी मसले बढ़ते जा रहे हैं। हालही में मप्र कांग्रेस ने रिटायर्ड आईएएस आजाद सिंह डबास को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया था। जिसके बाद अब रिटायर्ड आईएएस आजाद सिंह डबास ने पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया हैं।
आजाद सिंह डबास ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के दो दिग्गज पूर्व मुख्यमंत्री रहे कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के खिलाफ ये मोर्चा खोला हैं। डबास ने पार्टी हाईकमान से इन दोनों नेताओं और मध्य प्रदेश सरकार में रहते हुए कांग्रेस के घोटाले को उजागर करने की चेतावनी दी हैं।
इसके अलावा आजाद सिंह डबास ने कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं ने पार्टी को बर्बाद करने का कार्य किया हैं। पार्टी पर दोनों में से किसी नेता ने ध्यान नहीं दिया इन दोनों नेताओं का ध्यान अपने पुत्रों पर था और पुत्र मोह के कारण यह पार्टी को डूबा रहे हैं। पार्टी में कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे लोग असंतोष फैला रहे हैं।
डबास यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा कि पार्टी अपने अंदर कोई सकारात्मक सुधार करना ही नहीं चाहती हैं। इसलिए पार्टी के अंदर कई फर्जी रिटायर्ड आईएएस शामिल हो गए हैं।
इस से पहले रिटायर्ड आईएएस आजाद सिंह डबास पर कांग्रेस ने कार्रवाई करते हुए बताया था कि कांग्रेस पिछड़ा वर्ग विभाग के संयोजक के रूप में कार्य करते हुए डबास ने पिछले कुछ समय से पार्टी की रीति नीति के खिलाफ कार्य किया था। जिससे पार्टी की छवि धूमिल हो रही थी।