उपचुनाव : दोनों ओर से चुनाव लड़ेंगे कांग्रेस प्रत्याशी, भाजपा कार्यकर्ता बिछाएंगे सिर्फ दरियां – अरुण यादव
भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – मध्यप्रदेश कांग्रेस में विधायकों के टूटने का सिलसिला लगातार जारी हैं। बीते 15 से 17 दिनों के अंदर कांग्रेस के 3 विधायक भाजपा में शामिल हो चुके हैं।
हालही में कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव खेमे के कांग्रेस विधायक नारायण पटेल के बीजेपी मे शामिल होने के बाद सियासी पारा चरम पर हैं। इसी बीच अरुण यादव ने भी अपनी चुप्पी तोड़ते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला हैं। उन्होंने शुक्रवार को एक साथ कई ट्वीट कर भाजपा पर निशाना साधा।
अरुण यादव ने ट्वीट कर कहा कि – गुप्तचर एजेंसियों की वास्तविक रिपोर्टस में भाजपा को इस बाबद जानकारी मिल गई है कि गद्दारों – बिकाऊओं की फ़ौज़ के अधिकांश लोगों की हार सुनिश्चित है, इसी भय से वह निम्न हथकंडे अपना रही हैं।
जबकि दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि यदि खरीद फ़रोख़्त का यह धंधा इसी प्रकार जारी रहा तो आगामी उपचुनाव में दोनों ओर से कांग्रेस के ही प्रत्याशी परस्पर चुनाव लड़ेंगे और भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ दरियां ही बिछाएंगे ?
एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि – भाजपा नेतृत्व श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा भाजपा प्रवेश के बाद लगातार की जा रही राजनैतिक ब्लैकमेलिंग से भी तंग आ चुका हैं। लिहाजा,भविष्य की संभावनाओं को दृष्टिगत रख वह अपने घिनौने निजी मैनेजमेंट का रास्ता अपनाकर उनसे मुक्ति पाने का भी रास्ता खोज़ रहा हैं।