ताज़ा खबरेंराज्यों से
भोपाल : आंदोलन की तैयारी में कर्मचारी संगठन, किया जाएगा DPI का घेराव, ये है पूरा मामला
भोपाल : मध्यप्रदेश में कर्मचारियों को सेवा का उचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। वित्तीय अनियमितता, भ्रष्टाचार सहित अनेक मामलों के अनेक प्रकरण वर्षों से संचालनालय में लटके हुए हैं।
संगठन का कहना है कि यदि जल्द से जल्द इन मामलों का निराकरण नहीं किया गया तो आंदोलन की नीति तैयार की जाएगी। संगठन इन मुद्दों का तत्काल निराकरण न होने पर लोकशिक्षण संचालनालय भोपाल का घेराव करने की तैयारी कर रहा है।
दरअसल, शिक्षक संगठन के आये दिन ऐसे मामले सामने आ रहे हैं, जहाँ कर्मचारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
शिक्षक संगठन ने कहा कि 6 महीने से अधिक समय से माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक शिक्षक के पद स्वीकृति की प्रत्याशा में प्रदेश के हजारों शिक्षक सातवें वेतनमान से वंचित तो सैकड़ों को वेतन ही अप्राप्त है।
वहीं, मध्यप्रदेश शासकीय अध्यापक संगठन ने लोक शिक्षण संचालनालय की कार्य व्यवस्था पर बड़े आरोप लगाए हैं।
राकेश दुबे प्रांताध्यक्ष म.प्र. शासकीय अध्यापक संगठन ने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय के निर्देश पर अध्यापक संवर्ग से राज्यशिक्षा सेवा में नियुक्त हुए माध्यमिक शिक्षकों की नियुक्ति के 06 माह के बाद भी पद स्वीकृत नही हुए हैं। मध्यप्रदेश के जिला कटनी सहित अनेक जिलों में ऐसी स्थिति निर्मित है।
इधर, संगठन के कार्यकारी प्रांताध्यक्ष उपेंद्र कौशल एवं प्रांतीय सचिव संजीव त्रिपाठी का आरोप है कि लोकशिक्षण संचालनालय भोपाल में मामलों को लंबे समय तक बेवजह लटकाए रखना भ्रष्टाचार को भी बढ़ावा देता है।