प्रदेश में बने बाढ़ के हालात के लिए कांग्रेस जिम्मेदार : रामेश्वर शर्मा

ग्वालियर/भोपाल : तेजी के साथ बढ़ रही महंगाई पर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने पं. जवाहरलाल नेहरू और उनके लाल किले पर दिए गए भाषण को जिम्मेदार बताया था। मंत्री सारंग ने नेहरू की आर्थिक नीतियों के कारण ही महंगाई बढ़ने को ठहराया था। अभी ये विवाद थमा भी नहीं था की बीजेपी के दिग्गज विधायक रामेश्वर शर्मा ने प्रदेश के कई जिलों में आई बाढ़ के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बताया है।
बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा नदी नालों पर कांग्रेसियों ने गलत तरीके से अवैध कब्जे किए है। अटल बिहारी वाजपेयी के समय इंटरलिंक रिवर प्रोजेक्ट की शुरुआत हुई थी, यदि यह प्रोजेक्ट पूरा हो जाता तो ना कहीं बाढ़ के हालात होते और ना ही कहीं सूखा होता। उन्होंने कहा कि बीजेपी अब 5 साल का प्लान तैयार कर रही है 5 साल बाद देश में कहीं न बाढ़ आएगी न कहीं सूखा होगा।
बीजेपी विधायक द्वारा दिए गए इस बयान पर कांग्रेस भड़क उठी हैं। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने बाढ़ के लिए प्रदेश सरकार को जिम्मेदार ठहराते हुए कहा सरकार ने प्री मानसून तैयारी नहीं की थी। बाढ़ उसी का नतीजा है। जीतू पटवारी ने बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा के बयान पर कहा भाजपा के नेता बदहजमी के शिकार हो गए है, पहले महंगाई के लिए नेहरू को जिम्मेदार बताया। हर बात के लिए कांग्रेस को जिम्मेदार बता रहे हैं यह बीजेपी नेताओं में ज्ञान की कमी है।




