Womens Day 2020 : महिलाओं की अनोखी कहानी दिखाती ये फिल्में

नई दिल्ली : साल 2020 की शुरुआत से अभी तक बॉक्स ऑफिस पर कई फिल्में रिलीज हुईं। इनमें से कुछ ऐसी महिला प्रधान फिल्में थीं जिसने समाज में एक नया सवाल खड़ा किया। इन फिल्मों की न केवल कहानी लोगों को रास आई बल्कि अभिनेत्रियों ने दमदार अभिनय से एक नई छाप भी छोड़ी। 'अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस' 8 मार्च को है। जानिए साल 2020 की शुरुआत से अभी तक बॉक्स ऑफिस पर कौन कौन सी महिला प्रधान फिल्में रिलीज हो चुकी हैं।

DEVI

महिलाओं पर आधारित एक और फिल्म हाल ही में रिलीज हुई। इस फिल्म का नाम 'देवी' है। 13 मिनट की फिल्म देवी में काजोल एक तरह से सूत्रधार की तरह कहानी को बांधती हैं। ये एक शॉर्ट फिल्म है जिसमें काजोल के अलावा मुक्ता बर्वे, नीना कुलकर्णी, नेहा धूपिया, रमा जोशी, संध्या म्हात्रे, शिवानी रघुवंशी, श्रुति हासन और यशस्विनी दायमा है। इस फिल्म का निर्देशन प्रियंका बनर्जी ने किया है.

PANGA

कंगना रनौत की फिल्म 'पंगा' भी महिला आधारित फिल्म है। ये फिल्म इस साल 24 जनवरी को रिलीज हुई थी। 'पंगा' कबड्डी पर आधारित फिल्म थी। इस फिल्म में एक ऐसी महिला की कहानी दिखाई गई है जो 32 साल की उम्र में मैदान पर वापसी करती है। फिल्म में कंगना एक कबड्डी प्लेयर बनी थी। इसका निर्देशन अश्विनी अय्यर तिवारी ने किया था।

CHHAPAAK

 

दीपिका पादुकोण की 'छपाक' फिल्म इस साल 10 जनवरी को रिलीज हुई थी। ये फिल्म एसिड अटैक पीड़िता लक्ष्मी अग्रवाल पर आधारित थी। फिल्म में दीपिका ने लक्ष्मी अग्रवाल का किरदार निभाया है। 'छपाक' का निर्देशन मेघना गुलजार ने किया है। इस फिल्म के जरिए मेघना ने लक्ष्मी अग्रवाल के संघर्ष की कहानी दिखाई है।

THAPPAD

तापसी पन्नू (Taapsee Pannu) की फिल्म 'थप्पड़' (Thappad) 28 फरवरी, 2020 को रिलीज हुई। इस फिल्म ने रिलीज से पहले ही ऐसे कई सवाल खड़े कर दिए जिसने ये सोचने पर लोगों को मजबूर कर दिया कि एक 'थप्पड़' किसी के मन को कितनी चोट पहुंचा सकता है। इस फिल्म की कहानी थप्पड़ के इर्द गिर्द घूमती है जिसे तापसी पन्नू का पति उन्हें गुस्से में मारता है। थप्पड़ का निर्देशन अनुभव सिन्हा ने किया है। फिल्म में उन्होंने 'थप्पड़' को अलग अलग नजरिए से पेश किया है।

Exit mobile version