
भोपाल : इन दिनों रूस और यूक्रेन के बीच आपस में टकराव की खबरें लगातार सामने आ रही है, जिसका असर मध्यप्रदेश के इंदौर ज़िले में देखने को मिला है। दरअसल, इंदौर के 60 से ज्यादा मेडिकल स्टूडेंट्स फंसे हुए हैं। जिसको लेकर इन 60 से ज़्यादा स्टूडेंट्स के परिजन बेहद चिंतित है।
अब इस मामले में मध्यप्रदेश से राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने चिंता जाहिर करते हुए बड़ी मांग की है। उन्होंने इसको लेकर विदेश मंत्री एस. जयशंकर और केंद्रीय विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को ट्वीट भी किया हैं।
सांसद तन्खा ने ट्वीट करते हुए लिखा की – एयरलाइंस के टिकट बहुत महंगे हैं। इसलिए सरकार स्टूडेंट्स को सब्सिडी दे या एक बार फ्री यात्रा की परमिशन दें। एक सांसद और वकील के रूप में मैं और अन्य विशेष मामलों में कमी के लिए सरकार की मदद कर सकते हैं।
वहीं, तन्खा के इस ट्वीट पर केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने जवाब भी दिया। उन्होंने अंग्रेजी में लिखा कि Sure, will look into it. यानी वे इस मामले को जरूर देखेंगे। सिंधिया के इस जवाब के बाद यूक्रेन में फंसे स्टूडेंट्स और उनके परिजनों की उम्मीदे जागी है कि सरकार जल्द ही वहां फंसे स्टूडेंट्स को वापस भारत ले आएगी।
इससे पहले इस मामलें में इंदौर के लोकसभा सांसद शंकर लालवानी ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर को पत्र लिखा। लालवानी ने बताया कि वह भारत के विदेश मंत्रालय से संपर्क कर इन विद्यार्थियों की स्वदेश वापसी के प्रयास कर रहे हैं।
बता दे कि इंदौर के चिंतित परिजनों में शामिल अखिलेश राव ने बताया था कि उनका बेटा प्रणय राव यूक्रेन की टर्नोपिल नेशनल मेडिकल यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘रूसी आक्रमण के खतरे के कारण मैं यूक्रेन में अपने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंतित हूं। वहीं, अन्य स्टूडेंट्स के चिंतित परिजनों ने भी भारत सरकार से उनकी जल्द से जल्द स्वदेश वापसी में मदद की गुहार लगाई है।