कमलनाथ की गैर मौजूदगी में MP Congress के 3 नेताओं ने सोनिया गांधी से की मुलाकात, अटकलें तेज़

नई दिल्ली/भोपाल : लंबे समय से एमपी कांग्रेस की कमान कमलनाथ के हाथों में है। वो नेता प्रतिपक्ष भी हैं। ऐसे में 2023 के चुनाव से पहले कांग्रेस संगठन में बदलाव की सुगबुगाहट तेज है।

इसी बीच प्रदेश कांग्रेस के 3 बड़े और कुछ समय से प्रदेश नेतृत्व से नाराज चल रहे नेता पिछले 4 दिन में दिल्ली दौरा कर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात कर चुके हैं।

बताया जा रहा है की कांग्रेस पार्टी में इस समय हाशिए पर चल रहे अरुण यादव, अजय सिंह और जी 23 गुट के नेता विवेक तन्खा ने दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात की है। 

खास बात ये है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष कमल नाथ की गैर मौजूदगी में हुई इन मुलाकातों के सियासी मायने और संकेत काफी गहरे हैं।

गौरतलब है कि अब पार्टी की नजर आगामी चुनाव वाले राज्यों पर है। चुनावी राज्यों में खुद को मजबूत करने के लिए रणनीति बनाने में जुटी है। इस लिहाज से मध्य प्रदेश पर भी कांग्रेस हाईकमान की नजर है।

माना जा रहा है कि कमलनाथ से अध्यक्ष पद वापस लिया जा सकता है। क्योंकि कमलनाथ नेता प्रतिपक्ष का भी पद संभाले हुए है। लेकिन दूसरी तरफ नेताओं का कहना है कि 2023 का विधानसभा चुनाव कमलनाथ के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा।

बहरहाल इस बात में कितना सच्चाई है इस बात का पता तो आने वाले दिनों में ही चलेगा। फिलहाल, प्रदेश की सियासत गरम है। 

 

 

Exit mobile version