रात के अंधेरे में ही नहीं दिन के उजाले में भी कमलनाथ की सरकार में होता था भ्रष्टाचार – ज्योतिरादित्य सिंधिया

मध्यप्रदेश/ग्वालियर – कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एक बार फिर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा हैं। उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा कहा है कि कमलनाथ की सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त थी। सबको मालूम था सवा साल की उनकी सरकार में बल्लभ भवन भ्रष्टाचार का अड्डा बन गया था। सुबह से रात तक, सूर्योदय से सूर्यास्त तक, रात के अंधेरे में ही नहीं दिन के उजाले में भी भ्रष्टाचार का समुद्र बन गया था। अब सबकुछ जनता के सामने आ गया हैं। 

सिंधिया ने कहा कि जनता के हितों के लिए बनाई गई योजनाओं का विरोध करना कांग्रेस की परंपरा बन गई है और इसी के चलते वो जनता का विश्वास खोती जा रही हैं। वहीं पिछले महीने 28 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में लेनदेन के लगे आरोपों में अपने समर्थकों के नाम आने पर सिंधिया ने कहा कि मुझे इसकी जानकारी नहीं हैं। लेकिन जो भी इसमें शामिल है रिपोर्ट के आधार पर पूर्ण रूप से कार्रवाई होगी। दूध का दूध और पानी का पानी होगा। 

एक सवाल के जवाब में सिंधिया ने कहा, ‘कांग्रेस नेताओं के बीच क्या झगड़े चल रहे हैं, यह उनकी पार्टी का अंदरुनी मामला हैं। लेकिन, कांग्रेस में पहले जो लड़ाई अंदर बैठकर होती थी, वो अब सड़कों पर है और सब लोग देख रहे हैं। 

Exit mobile version