नहीं थम रहा महायुद्ध, बेनतीजा रही तीसरे दौर की बातचीत, रूसी स्ट्राइक से सहमे हजारों लोग छोड़ रहे अपना घर 

इंटरनेशनल डेस्क : रुस और यूक्रेन की जंग का आज 13वां दिन है। रूसी बमबारी के बीच लोग अपनी जान बचाने के लिए यूक्रेन छोड़ रहे हैं। इनमें बच्चे, बुजुर्गों से लेकर बीमार तक शामिल हैं। जंग से यूक्रेन के अलग अलग हिस्सों में हालात बदतर होते जा रहे हैं। रूसी सैनिक कीव, खार्किव समेत कई शहरों पर रॉकेट और मिसाइलें दाग रहे हैं। 

यूक्रेन ने कहा है कि सोमवार को मार्किव बेकरी पर रूसी हमले में 13 नागरिकों की मौत हुई है। बताया जा रहा है कि कीव में आम लोगों को निकालने के लिए बनाए गए ह्यूमन कॉरीडोर पर रूसी अटैक में दो बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हुई है। राजधानी कीव समेत मारियूपोल और वोल्नोवाखा में रूसी स्ट्राइक से सहमे हजारों लोग अपने घर छोड़कर जा रहे हैं।

कहा जा रहा है कि रूस ने लगातार दूसरे दिन नागरिकों को निकालने के लिए सीजफायर जारी रखने की बात कही है। आज कीव, खार्किव, सूमी, चर्नीहीव और मारियुपोल शहरों में युद्ध विराम रहेगा। सोमवार को भी इन्हीं पांच शहरों में संघर्ष विराम रखा गया था।

हालांकि, रूस-यूक्रेन की जंग को रोकने की कोशिश भी लगातार जारी है। अमेरिका और कई दूसरे देश यूक्रेन के साथ हैं। बताया जा रहा है कि यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की की अपील पर इजराइल के प्रधानमंत्री नफ्टाली बेनेट, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोआन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रूसी राष्‍ट्रपति व्‍लादिमिर पुतिन से टेलीफोन पर बात की।

वहीं, यूक्रेन पर हमले के बाद पश्चिमी देश लगातार रूस पर दबाव बनाने के लिए सख्त प्रतिबंध लगा रहे हैं। ब्रिटेन का कहना है कि रूस से संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की स्थायी सदस्यता छीन ली जानी चाहिए। सीधे तौर पर देखा जाए तो ब्रिटेन की मंशा रूस से वीटो पावर छीनने की है। रूस से वीटो छीन कर सुरक्षा परिषद से कैसे बाहर किया जा सकता है? जबकि, अमेरिका समेत कई पश्चिमी देशों ने रूस पर आर्थिक, व्यक्तिगत, खेलों से जुड़े और एयरस्पेस से जुड़े प्रतिबंध लगाए हैं।

इधर, युद्ध विराम को लेकर दोनों देशों के बीच तीसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। सोमवार को बेलारूस में हुई इस बातचीत में युद्ध के बीच लोगों को निकालने के लिए यूक्रेन में ह्यूमन कॉरीडोर बनाने पर सहमति नहीं बनी। 

Exit mobile version