रीवा :- तबाही का मंजर छोड़ गया तूफान, दो लोगों की मौत और 500 मकान ढहे

तबाही का मंजर छोड़ गया तूफान, दो लोगों की मौत और 500 मकान ढहे

रीवा से गौरव सिंह की रिपोर्ट:- रीवा शहर के साथ पूरे जिले में आए तूफान ने हर तरफ तबाही का मंजर छोड़ा है। एक दिन पहले आए इस तूफान से इतना अधिक नुकसान पहुंचा है कि दूसरे दिन पूरा दिन प्रशासनिक अमला जुटा रहा लेकिन राहत नहीं पहुंचा सका है। इस तूफान के कारण दो लोगों की मौत होने के साथ ही करीब 500 से अधिक मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके साथ ही जिले के अलग-अलग हिस्सों में करीब डेढ़ हजार से अधिक की संख्या में मवेशियों के मरने की भी खबर है। हजारों की संख्या में नए और पुराने पेड़ जमींदोज हो गए। जिससे बिजली के तारों के साथ ही मकानों, वाहनों एवं अन्य सामग्री का बड़ा नुकसान हुआ है। इस तबाही में हुई नुकसानी का आकलन करने के लिए कलेक्टर ने अलग-अलग कई बैठे ली। साथ ही भोपाल से भी अधिकारियों ने नुकसानी की जानकारी ली है। बताया जा रहा है कि विद्युत वितरण कंपनी को ही अकेले करोड़ों रुपए का नुकसान उठाना पड़ा है। अभी इसका आकलन कंपनी नहीं कर पाई है। अधिकारियों का कहना है कि पहले जिले भर में बिजली की आपूर्ति बहाली को टारगेट में रखा गया है।
 

Exit mobile version