
- ग्वालियर क्रेन हादसे में नया खुलासा
- क्रेन को विशेषज्ञ ड्राइवर नहीं बल्कि ट्रैक्टर चालक चला रहा था
- हादसे की वजह प्रभारी फायर ऑफिसर उमंग प्रधान की लापरवाही बताई जा रही
ग्वालियर/स्वाति वाणी:-
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हुए दर्दनाक ग्वालियर क्रेन हादसे में एक नया खुलासा हुआ है| जांच में पता चला है की सुपर हाइड्रोलिक क्रेन हादसे में घटना के समय क्रेन को विशेषज्ञ ड्राइवर नहीं चला रहा था बल्कि टैंकर में लगने वाले ट्रैक्टर का चालक चला रहा था, जिसे क्रेन को चलने का बिलकुल भी अनुभव नहीं था साथ ही जो लोग ट्रॉली में चढ़े थे वे भी ट्रेंड नहीं थे। ट्रैक्टर चालक क्रेन के हाइड्रोलिक जैक को ढंग से कस नहीं पाया जिसकी वजह से वजन बढ़ने पर क्रेन उखड़ गई और 3 नगर निगम कर्मचारियों की मौत हो गई|
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले हुए इस दर्दनाक हादसे में पुलिस ने FIR दर्ज कर लापरवाही बरतने पर ट्रैक्टर ड्राइवर धर्मेन्द्र वर्मा, फायर ऑफिसर उमंग प्रधान के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नगर निगम भी अपने स्तर पर इस हादसे की जांच कर रहा है।
सूत्रों के मुताबिक हादसे की सबसे बड़ी वजह प्रभारी फायर ऑफिसर उमंग प्रधान की लापरवाही बताई जा रही है| ऑफिसर उमंग को जब झंडे की रस्सी बदलने का कॉल आया तो उन्होंने लापरवाही बरतते हुए टैंकर में लगने वाले ट्रैक्टर चालक धर्मेन्द्र वर्मा को क्रेन लेकर जाने के लिए कह दिया, जिसे न तो क्रेन चलाने का अनुभव था और न ही वह इतनी बड़ी क्रेन को चलाने के लिए योग्य था। जिसके बाद उसने गलत जगह क्रेन पार्क कर दी और हाइड्रोलिक जैक भी जमीन पर पूरे फोर्स के साथ नहीं गाढ़ पाए और जब ट्रॉली पर लोड बढ़ा तो वह लड़खड़ाने लगी जिसे चालक कंट्रोल नहीं कर पाया और हाइड्रोलिक जैक टूटकर उखड़ गए और यह हादसा हो गया| जसके बाद कोतवाली थाना पुलिस ने जांच के बाद इस मामले में प्रभारी फायर ऑफिसर उमंग प्रधान, ट्रैक्टर चालक धर्मेन्द्र वर्मा पर लापरवाही की धारा लगाई गई है।