
भोपाल : मध्यप्रदेश को छोड़ अन्य सभी राज्यों में पदोन्नतियां हो रही हैं। प्रदेश में लंबे समय से मांग उठा रहे हैं, पर कोई निर्णय नहीं लिया जा सका है। इससे तहसीलदार-नायब तहसीलदारों का मनोबल गिर रहा है। ये बात मध्यप्रदेश राजस्व अधिकारी संघ के बैनरतले तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम से कही।
इन सभी ने विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम से मुलाकात करके अपनी बात सामने रखी। इन्होंने कहा कि वर्ष 2016 से प्रमोशन नहीं हो रहा है। इस पर जल्द ठोस निर्णय लिया जाए। ताकि, उनके प्रमोशन का रास्ता साफ हो सके।
तहसीलदारों का कहना है कि पुलिस विभाग की तर्ज पर राजस्व विभाग के अधिकारियों, नायब तहसीलदार एवं तहसीलदार को भी उच्चतम पद पर कार्यवाहक के रूप में भी नियुक्त किया जा सकता है। वहीं, इस मुद्दे पर तहसीलदार शनिवार को भोपाल में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग और जलसंसाधन मंत्री तुलसी सिलावट से भी मिलें। उन्हें भी ज्ञापन सौंपे गए।