
स्वरा भास्कर पर कानपुर न्यायलय में दायर हुई याचिका, धर्म के आधार पर बांटने का आरोप
दिल्ली में CAA को लेकर जामिया, जेएनयू जैसी बड़ी यूनिवर्सिटी में हुए प्रोटेस्ट के वक्त से ही बॉलीवुड अभिनेत्री स्वरा भास्कर स्टूडेंट का सपोर्ट और नागरिकता कानून का विरोध करती हुई नज़र आ रही थी। वही स्वरा को सामाजिक मुद्दों पर अक्सर बेबाकी के साथ अपनी राय रखते हुए देखा गया है. हाल ही में वह दिल्ली के शाहीन के बाग में हो रहे सीएए कानून के विरोध को लेकर काफी चर्चा बटोर रही हैं. इस बार अपनी बेबाकी को लेकर स्वरा मुश्किल में फंसती दिख रही हैं. स्वरा पर धर्म के आधार पर लोगों को बांटने को लेकर याचिका दाखिल की गई है. बता दें कि यह याचिका उत्तर प्रदेश के कानपुर न्यायालय में दाखिल हुआ है.
किसने की याचिका दायर
कानपुर न्यायालय में विजय बक्शी नाम के शख्स ने स्वरा पर यह याचिका दाखिल की है. स्वरा भास्कर पर याचिका में समाज में विद्वेष फैलाने, जाति-धर्म और समुदायों को बांटने का आरोप लगाया गया है. विजय बक्शी का कहना है कि स्वरा भास्कर अपने भाषणों और ट्वीट के द्वारा भारत सरकार, उच्चतम न्यायालय, सुरक्षा एजेंसियों के खिलाफ टिप्पणी कर रही हैं. जिससे समाज में भेदभाव पैदा हो रहा है. विजय के मुताबिक इससे विश्व के सामने हमारे देश की छवि तो खराब हो ही रही है. वहीं अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी भारत को नुकसान हो रहा है. बता दें कि कोर्ट में स्वरा पर दाखिल याचिका की सुनवाई 20 मार्च को होगी.