सिवनी : 3000 का फरार इनामी वारंटी धरी ,फरार अपराधियों की धरपकड़ में पुलिस को मिली सफलता

3000 का फरार इनामी वारंटी धराया
फरार अपराधियों की धरपकड़ में डूंडासिवनी पुलिस की सफलता
सिवनी से महेंद्र सिंघ नायक की रिपोर्ट : – सिवनी जिला पुलिस इस समय आपराधिक गतिविधियों में अंकुश लगाने के साथ ही अवैध कार्यों में लिप्त तथा लम्बे समय से फरार चल रहे आरोपियों को पकड़ने में लगातार सफलता अर्जित कर रही है। जिले के सम्वेदनशील पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक के कुशल निर्देशन में कानून व्यवस्था बनाए रखने में व अपराधियों को पकड़ने में जिला पुलिस के सभी थानों को सफलता मिल रही है।
ऐसे ही एक मामले में थाना डूंडासिवनी को सफलता मिली है। थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि थाना डूंडासिवनी के अपराध क्रमांक 231/2020 अन्तर्गत धारा 4/9,5/9 गौवंश प्रतिषेध अधिनियम, 429,34,201 भादवि एवं आर्म्स एक्ट 25, 27 में लगातार फरार चल रहे आरोपी सुक्कल पिता इन्दर कुड़ापे उम्र 48 वर्ष निवासी तीतरी थाना कुरई को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है। उक्त आरोपी की सघन खोज जारी थी, परन्तु यह अपनी उपस्थिति छिपाकर लम्बे समय से फरार था। इसको शीघ्र पकड़ने के लिए पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक द्वारा 3000 का इनाम घोषित किया गया था। गत दिवस मुखबिर की सूचना पर दिनांक 22/09/2020 को उक्त आरोपी सुक्कल पिता इन्दर कुड़ापे को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।
उक्त फरार इनामी आरोपी की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया, प्रधान आरक्षक जयदीप सेंगर, आरक्षक शेखर बघेल, अनुराग दुबे की सराहनीय भूमिका रही है।




