Seoni : ज़िले को कोरोना मुक्त रखने के लिए लगातार जारी है "कोरोना वारियर्स" का संघर्ष ,पढें यह स्पेशल रिपोर्ट

- “द लोकनीति” का इन समर्पित कोरोना वीरों को सलाम
आज विश्व के साथ देश में कोविड-19 का कहर कोरोना महामारी बनकर बरस रहा है। हमारा मध्यप्रदेश भी इसके संक्रमण से अछूता नहीं है! प्रदेश के इन्दौर, भोपाल, रायसेन, जबलपुर आदि जिले भी इस महामारी की चपेट में हैं! परन्तु सिवनी जिले की सजग प्रशासनिक व्यवस्था, सक्रिय पुलिस, निरन्तर सेवा में लगे चिकित्सक, व्यापक जनसहयोग के साथ कोरोना संक्रमण को जिले से दूर रखने वाले सभी कोरोना योद्धाओं के सतत परिश्रम का परिणाम है कि सिवनी जिला पूर्णत: कोरोना शून्य है। और इन सबका योगदान भविष्य में भी जिले को इस महामारी से मुक्त रखेगा। जिले के कलेक्टर प्रवीण सिंह व पुलिस अधीक्षक श्री कुमार प्रतीक के कुशल नेतृत्व व मार्गदर्शन ने सिवनी जिला को संक्रमणमुक्त बनाये रखा है।

दो प्रमुख जिलों जबलपुर एवं नरसिंगपुर की सीमाओं को छूता सिवनी जिला का महत्वपूर्ण क्षेत्र धूमा भी कोरोना योद्धाओं के लगातार परिश्रम के कारण सिवनी जिला में अपनी पहचान बना रहा है। लगभग 124 गाँवों में विशाल जनजातीय जनसंख्या को समेटे व प्रवासी मजदूरों के मूलस्थान वाले धूमा क्षेत्र को संक्रमण मुक्त रखना निस्संदेह चुनौतीपूर्ण कार्य है। यहाँ की अधिकांश जनता मजदूरी के लिये पड़ोसी जिलों के साथ-साथ देश के अन्य राज्यों तक जाती है। महामारी व लॉकडाउन के दौरान उन मजदूरों की लगातार हो रही घर वापसी की स्थिति में भी कोरोना संक्रमण से क्षेत्र से बचाये रखना कोरोना योद्धा धूमा थाना पुलिस और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र की चिकित्सकीय टीम व कोरोना सेवा से जुड़े सभी वीरों के त्याग सहित कठोर परिश्रम का परिणाम है।

थाना धूमा के प्रभारी श्री देवकरण डेहरिया की अगुवाई में पुलिसकर्मी लगातार गाँव-गाँव घूमकर लोगों को जागरुक कर रहे हैं! लॉकडाउन का पालन करने, अपने घरों में सुरक्षित, संक्रमण मुक्त रहने के लिये आमजन को प्रेरित कर रहे हैं! वहीं उपनगर धूमा सहित आसपास के गाँवों में लोगों में फिजिकल, सोशल डिस्टेंस बनाये रखने की सतत निगरानी कर रहे हैं! अनावश्यक रूप से घूमने वालों को समझाइस से लेकर लॉकडाउन तोड़ने वालों पर कार्यवाही करने तक में धूमा थाना पुलिस अपनी भूमिका पूरी लगन से निभा रही है! जिले में प्रवेश के प्रमुख मार्गों से लेकर स्थानीय सड़कों के माध्यम से अन्य जिलों को जोड़ने वाले स्थानों पर चैकिंग पिकेट लगाकर बाहरी जिलों से आनेवाले व्यक्तियों को जिले में आने से रोका जा रहा है। वहीं अनुमति प्राप्त लोगों की पहचान कर स्क्रीनिंग कराई जा रही है! ऐसे लोगों को भी स्क्रीनिंग के बाद उनके गाँव न भेजकर क्वारेंटाइन सेंटर में भेजा जा रहा है, ताकि किसी भी प्रकार का संक्रमण गाँव नगर तक न पहुँच सके! डायल 100 एवं मोबाइल पुलिस वैन लगातार भ्रमण कर निरीक्षण करते हुये लॉकडाउन को सफल बना रही हैं।

वैश्विक महामारी कोरोना की रोकथाम के लिये पुलिस व चिकित्सक टीम के साथ वन विभाग के कर्मचारी, पंचायतों के सचिव व रोजगार सहायक, आँगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता, ग्राम कोटवार अपने-अपने दायित्व अनुसार लगातार सेवायें देकर संक्रमण रोकने में लगे हैं। चाहे जन जागरुकता हो, चैकिंग करना हो, राहत सामग्री का वितरण हो या लोगों को स्क्रीनिंग और क्वारेंटाइन सेंटर भेजना हो; इन सब में इनका महत्वपूर्ण योगदान है।

इस संकटकाल में धूमा क्षेत्र के नागरिक, समाजसेवी, पत्रकार भी पीछे नहीं हैं! धूमा उपनगर सहित आश्रित गाँवों के नागरिक भी अपने घरों में रहकर इस अभियान को सफल बना रहे हैं! गावों के नागरिकों की जागरुकता इतनी है कि बाहर से आये व्यक्ति को गाँव में आने की स्वयं अनुमति नहीं दे रहे हैं, वहीं बाहर से काम करके लौटे परिजनों को सीधे स्क्रीनिंग के लिये प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजते हैं! समूचे मध्यप्रदेश में अपनी पहचान बनाने वाली धूमा नगर की “महाकाली महोत्सव समिति” ने आपातकाल में जरूरतमन्दों को भोजन सामग्री देकर राहत का प्रशंसनीय कार्य किया है! धूमा प्रेस क्लब भी अपने समाचारों के माध्यम से जनजागरुकता प्रसारण में लगातार सक्रिय है, यही नहीं प्रेस क्लब के सदस्यों द्वारा “मास्क वितरण”, धूमा के वार्डों में सैनिटाइजेशन जैसे कार्य करके जनमानस को संक्रमण से बचाने का प्रयास किया जा रहा है! स्थानीय दूध, सब्जी, किराना, रसोई गैस आदि विक्रेताओं द्वारा लोगों को घर पहुँच जीवनोपयोगी सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है!
प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र धूमा में चिकित्साधिकारी डॉ. अश्विनी पटेल, आयुष चिकित्साधिकारी डॉ. निधि धुर्वे सहित टीम स्टॉफ नर्स मोनिका विश्वकर्मा, रजनी सरयाम, माधुरी गोपाले; जनस्वास्थ्य अधिकारी रीना सनोड़िया, रेखा झारिया, रंजीता गढ़ेवाल; एएनएम ममता बघेल सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी लगातार चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रहे हैं! सामान्य रोगों से पीड़ित स्थानीय लोगों के उपचार से लेकर एएनसी जाँच, प्रसव तथा बाहर से आनेवाले व्यक्तियों की स्क्रीनिंग कर क्वारेंटाइन सेंटर भेजने जैसे चिकित्सा व स्वास्थ्य कार्य इनकी लगातार मेहनत से ही हो पा रहे हैं।क्षेत्रीय स्तर पर डॉ. अश्विनी पटेल के नेतृत्व में स्वास्थ्य केन्द्र की एक टीम पूरे क्षेत्र का प्रतिदिन निरीक्षण व स्वास्थ्य परीक्षण कर रही है। साथ ही चैकिंग पिकेट पर भी चिकित्सा सेवा उपलब्ध करा रही है! 108 एम्बुलेंस की टीम लगातार रोगियों को आकस्मिक चिकित्सा उपलब्ध कराके स्वास्थ्य केन्द्रों तक पहुँचा रही है।

इसी प्रकार बाहर से लौट रहे स्थानीय लोगों को थाना धूमा के पुलिस कर्मी व ग्राम कोटवार संजय झारिया लगातार क्वारेंटाइन सेंटर पहुँचा रहे हैं! स्क्रीनिंग के बाद घरों तक पहुँच चुके लोगों को उनके घरों में ही आइसोलेशन में रखा जा रहा है! कोरोना वीरों की टीम लगातार इनके भोजन पानी की व्यवस्था कर रही है।

कुल मिलाकर देखा जाये तो इन कोरोना योद्धाओं की अहर्निश सेवा का सफल परिणाम है कि सिवनी जिले का धूमा क्षेत्र व सम्पूर्ण सिवनी जिला अब तक कोरोना संक्रमण मुक्त है। और इसमें कोई संशय नहीं है कि इनका ये परिश्रम आगे भी क्षेत्र व जिले को संक्रमण शून्य रखेगा! क्योंकि दृढ़ संकल्प के सामने कोई दुविधा आड़े नहीं आतीं। हमें अपने इन कोरोना योद्धाओं पर गर्व है, हम इनके स्वस्थ रहने की कामना करते हुये इन्हें प्रणाम् करते हैं।
द लोकनीति के लिए सिवनी से संवाददाता महेन्द्र सिंघ नायक की रिपोर्ट




