
सिहोरा : चार वॉर्डों में मिले पांच कोविड 19 पॉजिटिव, एक्टिव केस हुए 28
सिविल कोर्ट के 11 नमूनों की रिपोर्ट आई निगेटिव, लगातार बढ़ रहे मामले
द लोकनीति डेस्क जबलपुर ( सिहोरा)
नगरी क्षेत्र सिहोरा में कोविड-19 के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मेडिकल कॉलेज से बुधवार शाम को मिली रिपोर्ट में सिहोरा के 4 वार्डों में 5 लोगों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटीव आई है। इन 5 लोगों में 3 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। अब सिहोरा में कोविड-19 के एक्टिव मामले 28 हो गए हैं।
ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर सिहोरा डॉ दीपक गायकवाड ने बताया कि जिन पांच लोगों की रिपोर्ट कोविड-19 पॉजिटिव आई है उन सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए सोमवार को लिए गए थे। पॉजिटिव निकले मरीजों को गुरुवार को मेडिकल कॉलेज जबलपुर भेजा जाएगा। साथ ही इनकी कॉन्ट्रैक्ट हिस्ट्री खंगाल कर इनके संपर्क में जो भी व्यक्ति आए हैं, उन सभी लोगों के सैंपल जांच के लिए मेडिकल कॉलेज भेजे जाएंगे।
इन वार्डों के लोगों की रिपोर्ट आई पॉजिटिव : बीएमओ ने बताया कि सिहोरा के वार्ड नंबर 8 ब्राह्मण पुरा निवासी 28 वर्षीय पुरुष और 24 वर्षीय महिला, वार्ड नंबर 4 में 30 वर्षीय महिला, वार्ड नंबर 6 में 38 वर्षीय पुरुष और वार्ड नंबर 13 में 30 वर्षीय महिला की कोविड-19 रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
11 लोगों की रिपोर्ट आई नेगेटिव : सिविल कोर्ट सिहोरा के सोमवार को 11 लोगों के नमूने जांच के लिए मेडिकल कॉलेज स्वास्थ्य विभाग के अमले द्वारा भेजे गए। इन सभी लोगों की रिपोर्ट नेगेटिव आई है, जो कि राहत भरी खबर है।