
ग्वालियर : ज्योतिरादित्य सिंधिया के केन्द्रीय मंत्री बनने के बाद पहली बार ग्वालियर आगमन पर शहर में स्वागत किया गया था। जगह-जगह सिंधिया समर्थकों ने फूलों और भीड़ जुटाकर स्वागत किया। रोड शो को पूरे ग्वालियर में 200 जगह रोक कर पुष्प वर्षा की गई। अब इसी को लेकर गुना-शिवपुरी सांसद व सिंधिया को लोकसभा चुनाव में हराने वाले केपी यादव ने उन्हें एक नसीहत दी है।
हालही में एक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने कहा कि केन्द्रीय मंत्री सिंधिया को मैं भी बहुत मानता हूं, पर सिंधिया को अपने जो भी लोग हैं उन्हें समझाना चाहिए अब हम भाजपा के कार्यकर्ता हैं। भाजपा में कार्यकर्ता ही पार्टी का आधार होता है। कार्यकर्ता ही पार्टी में सब कुछ होता है।
वहीं, केपी यादव के इस वीडियो को रीट्वीट कांग्रेस प्रवक्ता नरेद्र सलूजा ने ज्योतिरादित्य सिंधिया की चुटकी ली। उन्होंने केपी यादव के वीडियो को शेयर करते हुए लिखा की – सिंधिया को भारी मतों से हराने वाले सांसद के.पी,यादव कह रहे है कि “ सिंधिया को अपने जो भी लोग है उन्हें समझाना चाहिये कि अब हम भाजपा के कार्यकर्ता है। हमें पार्टी की रीति-नीति को समझ कर अब काम करना चाहिये” टिकाऊ की बिकाऊ को सलाह…
इसलिए सिंधिया और केपी यादव के बीच रहती है तकरार
केपी यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया पहले एक ही दल में थे, लेकिन साल 2019 में केपी यादव ने भाजपा का दामन थाम लिया, इसके बाद उन्होंने साल 2019 लोकसभा चुनाव में BJP से गुना-शिवपुरी से चुनाव लड़ा और कांग्रेस के दिग्गज नेता सिंधिया को हराया। बाद में साल 2020 में सिंधिया ने भी कांग्रेस का हाथ छोड़कर भाजपा ज्वाइन की। अब दोनों नेता एक ही दल में है। हालांकि, सिंधिया अब केंद्र में मंत्री भी है, जिसके कारण एक बार फिर केपी यादव का कद कम हुआ है।