
- सतना जिले का हैं मामला
- गाली-गलौच करने से रोक रहा था युवक
सतना/अंजली कुशवाह: सतना जिले में गाली-गलौज के लिए मना करना एक युवक को भारी पड़ गया. गाली गलौच कर रहे युवक ने रोकने वाले युवक के सिर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. जिससे युवक के सिर में गंभीर चोटें आई और घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती किया गया था. युवक की हालत गंभीर होने के कारण उसे प्राथमिक इलाज के बाद संजय गांधी मेडिकल कॉलेज रीवा रैफर किया गया था. लेकिन रीवा में इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. इस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फ़िलहाल आरोपियों की तलाश कर रही है. आरोपी फिलहाल फरार हैं. ये घटना सोमवार शाम करीब 6 बजे की है.
छोटी सी बात पर किया कुल्हाड़ी से हमला
मिली जानकारी के अनुसार, भमरिहा गांव निवासी संजय केवट, उसका भाई राकेश केवट, राजकुमार केवट और पंच केवट बकरी चराकर घर वापस लौटते समय आपस में गाली-गलौच कर रहे थे. इसी बीच रास्ते में राजकिशोर सिंह ने उन्हें टोकते हुए कहा कि घर में बड़ी बच्चियां हैं, इस तरह गंदी गालियां मत दो. इतनी सी बात को लेकर आरोपियों ने राजकिशोर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और बीच-बचाव करने गए अनुराग सिंह पर भी आरोपियों ने डंडे से हमला किया.
फरार हैं आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार कुल्हाड़ी के हमले से घायल पीड़ित को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती किया. जहां इलाज के बाद उन्हें रीवा रैफर कर दिया जहाँ इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई. फिलहाल आरोपी फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश कर रही हैं. अस्पताल चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. चौकी के अनुसार अब आरोपियों के खिलाफ 302 की धारा भी लगाई जा सकती है.