कर्मचारियों के आंदोलन पर चला सरकास का डंडा, पुरानी पेंशन बहाली को लेकर प्रदर्शन की अनुमति निरस्त, पुलिस ने भीड़ और जाम को बताई वजह

भोपाल/प्रियंक केशरवानीः- पुरानी पेंशन बहाली के मुद्दे पर 13 मार्च को भोपाल में होने वाले प्रदर्शन को पुलिस ने निरस्त कर दिया है। करीब 25 हजार कर्मचारियों की भीड़ जुटने और जाम लगने को बजह बताते हुए परमिशन कैंसिल की गई है। ऐसे में कर्मचारी संगठनों ने अब 13 मार्च को जिला और ब्लॉक स्तर पर आंदोलन करने की रणनीति बनाई है।
बता दें कि, मध्यप्रदेश अधिकारी-कर्मचारी संयुक्त मोर्चा और राष्ट्रीय पेंशन योजना बहाली संगठन मप्र के बैनरतले रविवार को भोपाल के कलियासोत ग्राउड पर बड़ा धरना आंदोलन होना था। इसे लेकर कर्मचारी संगठन पिछले एक महीने से तैयारियां कर रहे थे। आंदोलन के संबंध में पुलिस से अनुमति भी ली गई। जिसे पुलिस ने अब निरस्त कर दिया है।
जिला और ब्लॉक स्तर पर करेंगे आंदोलन-
प्रदेश अध्यक्ष सिंह ने बताया, अनुमति निरस्त होने के बाद अब जिला और ब्लॉक स्तर पर प्रदर्शन किया जाएगा। मोर्चा समेत सभी संगठन के पदाधिकारियों को वहीं आंदोलन करने को कहा है। सांसद-विधायक और कलेक्टरों को मुख्यमंत्री के नाम के ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
इसलिए कर रहे हैं प्रदर्शन-
गौरतलब है कि, पुरानी पेंशन बहाली संघ के प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौहान ने बताया, सरकार ने 1 जनवरी 2005 से प्रदेश में नियुक्त होने वाले कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन व्यवस्था बंद करवा दी थी और नई पेंशन योजना शुरू कर दी गई थी। जिसके तहत कर्मचारियों के रिटायरमेंट पर प्रतिमाह मात्र 800 से 1 हजार रूपए तक ही पेंशन प्राप्त हो रही है। जिससे बुढ़ापे में कर्मचारीयों की अजीविका चलाना मुश्किल हो गया है।


.jpg)

