कीव में राष्ट्रपति भवन के बाहर गिरा रूस का एक रॉकेट, जेलेंस्की बोले, रूस को रोकना ज़रूरी, नहीं तो खत्म हो जाएगा पूरा यूरोप

इंटरनेशनल डेस्क : यूक्रेन और रूस के बीच जारी महायुद्ध का आज 10 वां दिन है। रूस लगातार यूक्रेन पर हवाई हमलें कर रहा है। अब रूस ने यूक्रेन के रिहाइशी इलाकों में हमले तेज कर दिए हैं।

बताया जा रहा है कि यूक्रेन में के ईस्टर्न पार्ट खारकीव में कई धमाकों की आवाज सुनी गई है। यूक्रेन मीडिया ने दावा किया है कि थोड़ी देर पहले धमाकों की आवाज सुनी गई। स्थानीय निवासियों को पास के मेट्रो शेल्टर या बंकर में रहने की चेतावनी दी गई है। यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रूस सैन्य ठिकानों के अलावा रिहाइशी इलाकों में भी लगातार हमले कर रहा है। 

इसके अलावा यूक्रेन ने दावा किया है कि जाइटोमीर शहर में रूसी बम अटैक में उसके 47 नागरिक मारे गए हैं। स्थानीय पुलिस ने इसे क्लस्टर बम से किया हमला बताया है।

इस बीच, यूक्रेन के राष्ट्रपति वोल्दोमिर जेलेंस्की ने यूरोपीय नेताओं से रूस को रोकने में मदद करने की अपील की है। जेलेंस्की ने कहा, 'अगर रूस को नहीं रोका गया, तो पूरा यूरोप खत्म हो जाएगा। वहीं, जेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस का एक रॉकेट कीव में राष्ट्रपति भवन के बाहर गिरा है। उन्होंने कहा कि रूस का निशाना फिर से चूक गया।

इधर, यूक्रेन से जंग के बीच रूस ने फेसबुक और ट्विटर पर बैन लगा दिया है। राष्ट्रपति पुतिन प्रशासन ने कहा है कि रूसी मीडिया के कंटेंट पब्लिशिंग में भेदभाव करने की वजह से यह प्रतिबंध लगाया गया है। रूसी सेंसरशिप एजेंसी रोसकोम्नाडजोर ने कहा कि फेसबुक-ट्विटर के खिलाफ 26 मामले आए थे, जिसके बाद यह फैसला किया गया है। वहीं फेसबुक ने बयान जारी कर कहा है कि रूस के इस फैसले से लाखों लोगों को भरोसेमंद जानकारी नहीं मिल सकेगी।

Exit mobile version