सभी खबरें

गायों की मौत पर बवाल, BJP MLA ने उठाया मुद्दा, Congress ने लगाए जमकर आरोप, किया वॉक आउट 

भोपाल : मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को भी सदन में जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, गायों की मौत का मुद्दा जौरा से बीजेपी विधायक सूबेदार सिंह रजौधा ने उठाया। बीजेपी विधायक रजौधा ने मुरैना में गाय, भैंस सहित अन्य पशुओं की अचानक मौत का मामला उठाया। रजौधा ने कहा कि पशुओं की मृत्यु होने के बाद किसानों को मुआवजा नहीं मिल रहा। इसे प्राकृतिक आपदा नहीं माना जा रहा। रजौधा ने सरकार से पशुओं की मृत्यु को प्राकृतिक आपदा में शामिल करते हुए प्रभावितों को मुआवजा देने की मांग की।

बीजेपी विधायक रजौधा द्वारा गायों का मुद्दा उठते ही कांग्रेस भी इस मामलें में कूद पड़ी, कांग्रेस को सरकार को घेरने का पूरा मौका मिल गया। कांग्रेस के डॉ. गोविंद सिंह, सज्जन सिंह वर्मा, विजय लक्ष्मी साधौ, लाखन सिंह यादव, पीसी शर्मा, प्रियव्रत सिंह सहित अन्य विधायक एक साथ खड़े हो गए। आरोप लगाया कि पूरे प्रदेश में गायें मर रही हैं, पर सरकार कोई कदम नहीं उठा रही। पशुओं को खिलाने के लिए भूसा तक नहीं मिल रहा। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर आरोप लगाया कि 8 महीने से अनुदान नहीं दिया गया। गौशालाएं बंद पड़ी हैं। गोहत्या हो रही है। सरकार गोवंश संरक्षण की केवल बात करती है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे जुदा है।

वहीं, राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पूरा जवाब देते, उससे पहले ही कांग्रेस विधायक सदन से वॉक आउट कर गए और लॉबी में जाकर नारेबाजी की। काफी देर तक कांग्रेस के सदस्य एक साथ बोलते रहे और फिर वॉक आउट कर दिया।

हालांकि, राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने जवाब में बताया कि पशुधन की मृत्यु पर पशुपालन विभाग ने पशु चिकित्सकों को भेजकर जांच कराई थी। पोस्टमार्टम भी करवाया गया। यह सामने आया कि निमोनिया, संक्रमण समेत अन्य बीमारियों की वजह से पशुओं की मौत हुई है। बीमारी से मृत्यु राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत मुआवजा की श्रेणी में नहीं आता, लेकिन इस पर विचार करेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button