
भोपाल : बुधवार देर रात कांग्रेस ने इस बात का दावा किया है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के बाद पार्टी के मीडिया प्रमुख रणदीप सुरजेवाला सहित पांच वरिष्ठ नेताओं के ट्विटर हैंडल को सस्पेंड कर दिया गया हैं। कांग्रेस के इस दावे के बाद से ही देश सहित प्रदेश में बयानबाज़ी का दौर शुरू हो गया हैं।
दरअसल, दिल्ली कैंट से सटे इलाके में नाबालिग दलित बच्ची की कथित तौर पर रेप के बाद हत्या से आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों से मिलने पहुंचे राहुल गांधी ने न्याय की मांग करते हुए बच्ची के माता-पिता के साथ अपनी तस्वीर ट्वीट की थी। राहुल गांधी के ट्वीट के खिलाफ राष्ट्रीय बाल आयोग की शिकायत के बाद ट्विटर ने ना केवल राहुल गांधी का ट्वीट हटा दिया बल्कि उनके अकाउंट पर अस्थाई रोक भी लगा दी। ट्विटर के जरिए रोजाना मोदी सरकार पर हमला करने वाले राहुल गांधी पाबन्दी के कारण दो दिनों से ट्वीट नहीं कर पाए हैं।
वहीं, अब इस मामले को लेकर मध्य प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने राहुल गांधी पर जोरदार तंज कसा हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी में ना तो अक्ल है ना ही राजनीतिक समझ है। यदि वह कांग्रेस का नेतृत्व करते हैं तो पार्टी का बेड़ागर्ग होने वाला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नीति विहीन, नेता विहीन और नियत विहीन पार्टी बन गई हैं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने एक बहुत ही गलत काम किया है। जिस प्रकार से उन्होंने बचपना दिखाते हुए रेप पीड़िता की आईडेंटिटी को उजागर किया है यह आपत्तिजनक ही नहीं बल्कि दुर्भाग्यपूर्ण भी है। सारंग ने कहा कि राहुल गांधी के इस कृत्य के कारण भारत का नाम दुनिया में बदनाम हुआ है।