सभी खबरें

देश में राष्ट्रपति, PM और CMs हिन्दू, उसके बावजूद भी यदि "हिन्दू धर्म" खतरे में है तो उसके लिए "हिंदुत्व" जिम्मेदार : दिग्विजय सिंह

इंदौर : मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता दिग्विजय सिंह ने इंदौर में स्टेट प्रेस क्लब द्वारा आयोजित एक व्याख्यान में हिंदू और हिंदुत्व विषय पर  खुले मंच से अपनी बातें रखी। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व को राजनैतिक हथियार के रूप में उपयोग किया जा रहा है और मनमानी थोपी जा रही है जबकि धर्म आस्था का प्रश्न है। सभी धर्मावलंबियों की अपने-अपने धर्मों में आस्था है।

हिंदुत्व का एकमात्र लक्ष्य हो गया है कि समाज में किस तरह कटुता और धर्मान्धता फैलाई जाए। आज हिंदुत्व के नाम पर देशवासियों का रक्तचाप बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी से बेहतर कोई हिन्दू इस देश में नहीं था और उनके पैर छूने के बहाने उनकी हत्या करने वाला हिंदुत्ववादी था यही आज के परिसंवाद का सार है।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि हिन्दू धर्म न कभी खतरे में था और न कभी खतरे में रहेगा। देश में राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और सारे मुख्यमंत्री हिन्दू हैं उसके बावजूद भी यदि हिन्दू धर्म खतरे में है तो उसके लिए हिंदुत्व जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि हिंदुत्व के नाम पर देश में साम्प्रदायिकता का जहर घोला जा रहा है। सोशल मीडिया के माध्यम से नई पीढ़ी को बर्बाद किया जा रहा है। 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button