मंदिर को लेकर पंडित प्रदीप मिश्रा बोले, "शिव के राज" में शंकर कैद, रामेश्वर शर्मा ने कहा, नहीं रहेंगे कोई भी भगवान मंदिर में कैद

रायसेन : मध्यप्रदेश के रायसेन किले के मंदिर को लेकर कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री पर तंज कसा है। उन्होंने लोगों से कहा कि सीएम से बोलें कि मेरे शिवराज मामा, आप में वह बल है, आप इस प्रदेश के वह राजा हो, जिन्हें यशस्वी राजा कहा जाता है। रायसेन की यह भूमि आपके लिए पलक बिछा कर खड़ी है। आप आइए और भगवान के मंदिर का ताला खोलकर जाइए। हम इंतजार करेंगे आपका।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज के राज्य में शिव कैद में हैं, तो राज्य किसी काम का नहीं है। उन्होंने कहा- मैं जानता हूं मामा सनातनी हैं, गृहमंत्री सनातनी हैं, प्रधानमंत्री सनातनी हैं। मैं चाहूंगा मेरे शंकर को कैद से बाहर निकाला जाए। पंडित प्रदीप मिश्रा ने कहा कि धिक्कार है रायसेनवालों… शिव मंदिर में ताला डाला है और तुम दिवाली मना रहे हो। शंकर के मंदिर में ताला है। तुम लड्डू खा रहे हो। अरे.. आसपास कोई तालाब हो तो चुल्लू भर पानी भरकर ले आओ।
प्रदीप मिश्रा के इस बयान के बाद भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा का बयान सामने आया है। उन्होंने कहा- रायसेन के प्रशासन से बात करेंगे। कोई भी भगवान मंदिर में कैद नहीं रहेंगे। हर भगवान के मंदिर में आरती होगी, महाआरती होगी।
गौरतलब है कि रायसेन की पहाड़ी पर शिवजी का ऐतिहासिक मंदिर है। जिसे 12 वीं सदी में बना हुआ बताया जाता है। इस मंदिर के पट साल में सिर्फ एक बार महाशिवरात्रि पर खुलते हैं। आजादी के बाद यहां पर भी मंदिर और मस्जिद का विवाद खड़ा हुआ, जिसके बाद पुरातत्व विभाग ने यहां ताले लगा दिए।




