
पचमढ़ी : मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में पचमढ़ी में शिवराज कैबिनेट की बैठक शुरू हो गई है। इस बैठक में बड़ा फ़ैसला भी लिया गया है। सभी मंत्री अपना अपना प्रजेंटेशन मुख्यमंत्री के सामने रख रहे है।
बताया जा रहा है कि पहला प्रजेंटेशन मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना को दोबारा शुरू करने पर हुआ। कोरोनाकाल से बंद योजना अब दोबारा अप्रैल से शुरू होगी। गंगा स्नान, काशी कॉरिडोर, संत रविदास और कबीरदास के स्थलों के दर्शन के साथ योजना शुरू होगी। बैठक में सुझाव रखा गया कि तीर्थ दर्शन यात्रा के कुछ स्थलों को हवाई मार्ग से भी जोड़ा जाएगा।
वहीं, पहली ट्रिप में मुख्यमंत्री भी ट्रेन में यात्रियों के साथ तीर्थ दर्शन पर जाएंगे। बोगी में स्पीकर के जरिए तीर्थ स्थलों की जानकारी दी जाएगी। जबकि, मुख्यमंत्री ने कन्यादान योजना से संबंधित मंत्री समूह के सुझावों को सुनने के बाद कहा कि योजना को एकीकृत किया जाएगा। एक विभाग ही संचालित करेगा।
इधर, सीएम शिवराज ने ट्वीट करके लिखा की – हमने तय किया कि पचमढ़ी के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच बैठकर बिना किसी आडंबर के हम गंभीर चिंतन करेंगे, कल शाम तक यह चिंतन चलेगा। निश्चित तौर पर इस चिंतन मंथन से जो अमृत निकलेगा, उसको हम जनता के बीच बाटेंगे, जनता के कल्याण के लिए, प्रदेश के विकास के लिए इसका उपयोग करेंगे।