
नई दिल्ली : देश में पिछले 8 दिन से पेट्रोल-डीजल की कीमत बढ़नी जारी है। मंगलवार यानी आज 8 दिन में 7वीं बार तेल के दाम बढ़ाए गए, जिसके तहत पेट्रोल की कीमत में 80 पैसे और डीजल में 70 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी कर दी गई है।
हालांकि, कच्चे तेल की कीमतें लगातार नीचे आ रहीं हैं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) में सोमवार को भी कच्चे तेल के दाम 5.20% या 450 रुपए/ बैरल गिरकर 8120 रुपए/ बैरल हो गए।
क्रिसिल रिसर्च की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के नुकसान की भरपाई के लिए पेट्रोल-डीजल की कीमत में 15 से 20 रुपए का इजाफा करना होगा। इस लिहाज से देखें तो पेट्रोल-डीजल की कीमत में अभी और 18 रुपए की बढ़ोतरी हो सकती है।
वहीं, लगातार बढ़ रहे पेट्रोल-डीज़ल के दामों पर मूडीज रेटिंग एजेंसी ने कहा कि इससे संकेत मिलता है कि पेट्रोल-डीजल के दाम एक बार में न बढ़ाकर धीरे-धीरे बढ़ाए जाएंगे।