
मध्यप्रदेश/इंदौर – चुनाव आयोग द्वारा मध्यप्रदेश की 28 सीटों पर होने वाले उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया हैं। 28 सीटों पर 3 नवंबर को मतदान होगा। जबकि 10 नवंबर को नतीजे आएंगे। चुनाव आयोग के इस ऐलान के बाद से प्रदेश में हलचल तेज़ हो गई हैं। इसके साथ ही प्रचार का दौर भी तेज़ हो गया हैं।
एक तरफ जहां भाजपा नेता अपने अपने उम्मीदवारों के लिए जनता से वोट मांग रहे है, तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस नेता भी अपने अपने उम्मीदवारों के लिए जमकर सभाएं कर जनता से वोट की अपील कर रहे हैं। लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर कुछ ऐसी वीडियो सामने आ रहीं है जो लोकतंत्र के खिलाफ हैं।
मालूम हो कि कुछ समय पहले मंत्री बिसाहूलाल सिंह का सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें वह जनता के बीच जाकर उन्हें रुपए बांट रहे थे। इसके बाद मंत्री ब्रजेंद्र यादव का एक वीडियो वायरल हुआ जिसमें वो महिलाओं को साड़ी बाटते हुए नज़र आए।
इसी बीच अब कांग्रेस ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के पुत्र एवं विधायक आकाश विजयवर्गीय पर आरोप लगाया है कि इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र (Sanwer Assembly Constituency) में मतदाताओं को अपनी पार्टी के पक्ष में लुभाने के लिए रुपये बांटे और आदर्श आचार संहिता (Model Code of Conduct) का उल्लंघन किया।
भाजपा विधायक आकाश विजयवर्गीय का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ हैं।
वहीं, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता उमेश शर्मा ने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज किया कि विजयवर्गीय सांवेर क्षेत्र में मतदाताओं को नोट बांट रहे थे। उन्होंने दावा किया कि भाजपा विधायक लोगों को भगवान शिव के चित्र बांट रहे थे।