479 करोड़ में बनी हमीदिया की नई बिल्डिंग, लेकिन ओपीडी ब्लॉक बनाने के लिए जगह छोड़ना भूल गए, तोड़ा जाएगा मेडिकल वार्ड

479 करोड़ में बनी हमीदिया की नई बिल्डिंग, लेकिन ओपीडी ब्लॉक बनाने के लिए जगह छोड़ना भूल गए, तोड़ा जाएगा मेडिकल वार्ड

 

भोपाल:- मध्य प्रदेश के सबसे बड़े अस्पताल हमीदिया अस्पताल की नई बिल्डिंग बनाने में 479 करोड का खर्च हुआ.

 लेकिन अफसरों ने इसमें बड़ी लापरवाही की. इस बिल्डिंग को बनाने में ओपीडी की प्लानिंग ही नहीं की गई. 1498 बेड के नए अस्पताल की प्लानिंग में ओपीडी ब्लॉक के लिए जगह नहीं छोड़ी गई. नतीजा यह हुआ कि अब नए सिरे से 52 करोड़ और खर्च किए जाएंगे.जिससे 7 मंजिला ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा. अभी हमीदिया में मरीजों को 5 जगह ओपीडी में भटकना पड़ता है. नई बिल्डिंग बनाने का काम 3 दिसंबर 2016 को शुरू हुआ था,तब से लेकर अब तक पांच बार इसकी डेडलाइन तय हो चुकी है,फिर भी काम अधूरा है.

 

 इस बिल्डिंग को बनाने के लिए जब काम शुरू किया गया था तब भी ओपीडी ब्लॉक बनाने के लिए अफसरों ने कोई विशेष प्लानिंग नहीं की थी. पिछले साल चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग ने साइट पर भी किया था तब यह बात सामने आई थी कि यहां पर ओपीडी ब्लॉक नहीं है. मंत्री ने इस बात को लेकर उस वक्त अफसरों को फटकार लगाई थी लेकिन फिर भी OPD नहीं बना. अब सरकार ने पीजी सीटें बढ़ाने के लिए आए 52 करोड़ से नया सात मंजिला ओपीडी ब्लॉक बनाने की मंजूरी दी है. अफसरों ने बताया है कि मेडिकल वार्ड को तोड़ा जाएगा और फिर ओपीडी ब्लॉक बनाया जाएगा.

 

 बताते चलें की हमीदिया अस्पताल की स्थिति इस वक्त ऐसी है कि मरीजों को पांच ओपीडी में भटकना पड़ता है. सर्जरी और आर्थोपेडिक की ओपीडी ट्रॉमा यूनिट में है,जबकि उससे लगे मेडिकल वॉर्ड में दूसरी मेडिसिन ओपीडी संचालित होती है गर्भवती महिलाओं के लिए तीसरी ओपीडी हमीदिया से 2 किलोमीटर दूर सुल्तानिया में बनी है चौथी कमला नेहरू अस्पताल में और पांचवी हमीदिया से 3 किलोमीटर दूर टीबी अस्पताल में बनाई गई.

Exit mobile version