
जबलपुर : सांसद राकेश सिंह इन दिनों जबलपुर संसदीय क्षेत्रों के भ्रमण पर निकले हैं। इसी सिलसिले में वो बुधवार को पनागर विधानसभा के दौरे पर गए। वे बेलखाड़ू से सूखा गांव की ओर निकले थे, तभी युवा कांग्रेस के 50 के लगभग कार्यकर्ता हाथों में काले झंडे लेकर पहुंचे और सांसद के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगाए। सांसद के काफिले के पीछे माढ़ोताल टीआई का वाहन भी गुजरा, लेकिन वे भी नहीं रुकी।
प्रदर्शन की अगुवाई कर रहे युवक कांग्रेस के विधानसभा अध्यक्ष अमन गोस्वामी ने बताया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह से नाकाम साबित हुई है। आज महंगाई चरम पर है। ऐसे में आम लोगों की समस्याओं पर इसी तरह से हर नेता का विरोध होगा। वहीं, कांग्रेस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक पार्टी ने अपनी रणनीतियों को बदला है। सीएम की लोकप्रियता की बजाए वह स्थानीय जनप्रतिनिधियों के विरोध कर जनता में अपनी जगह बनाना चाहते हैं।
गौरतलब है कि एमपी में अभी तक राजनीतिक विरोध मंत्री और सीएम को लेकर होता था। पहली बार किसी सांसद के खिलाफ स्थानीय स्तर पर कांग्रेस ने इस तरह के विरोध की शुरूआत की है। बता दे कि देश के पांच राज्यों के रण के बाद 2023 में एमपी सहित चार प्रमुख राज्याें में महत्वपूर्ण चुनाव होने हैं। कांग्रेस और बीजेपी की ओर से अभी से इसकी तैयारी शुरू कर दी गई है।