MP: 1 मार्च से शुरू होगी 10वीं-12वीं के छात्रों की परीक्षा, इन छात्रों को मिलेगी विशेष सुविधा

MP में 10वीं-12वीं की तयारी कर रहे छात्रों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा 1 मार्च से शुरू होगी। इसके लिए माध्यमिक शिक्षा मंडल ने पूरी तैयारी कर ली है। वहीं छात्रों के लिए परीक्षा केंद्र का निर्धारण भी कर दिया गया है। अधिकारियों की माने तो छात्रों को परीक्षा के लिए रोल नंबर की आवंटन की प्रक्रिया 3 दिनों में शुरू कर दी जाएगी। इसके साथ ही परीक्षा के लिए बनाए गए केंद्रों पर भी पूरी तैयारी हो चुकी है। जिला शिक्षा अधिकारियों की तरफ से भेजे गए दल परीक्षा केंद्र का निरीक्षण कर रहे हैं, वही संवेदनशील और अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्रों के लिए विशेष तैयारी की गई है।
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने तय किये नए नियम
माध्यमिक शिक्षा मंडल ने दिव्यांग छात्रों के लिए नए नियम तय किए हैं। जिसके तहत छात्र अपनी मदद के लिए अन्य साथी को लेकर जा सकेंगे। मंडल ने दिव्यांग छात्रों को अन्य साथियों को ले जाने के लिए भी नवीन दिशा निर्देश जारी किए हैं। दृष्टिबाधित, मानसिक कमजोर और हाथ की हड्डी टूट जाने हाथ की खराबी के कारण लिखने में असमर्थ सहित सिकल सेल से पीड़ित और अन्य दिव्यांग छात्र सहित थैलेसीमिया के मरीज छात्र को इसकी सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इतना ही नहीं इन दिव्यांग छात्रों को विषय चयन अतिरिक्त समय परीक्षा शुल्क में छूट सहित कंप्यूटर, टाइपराइटर, लेखक चयन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। जारी निर्देश के तहत सभी दिव्यांग छात्रों को प्रेक्टिकल परीक्षा में बहुविकल्पीय प्रश्नों के आधार पर मूल्यांकन करते हुए अंक प्रदान करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
परीक्षा केंद्र से 100 गज की दूरी तक धारा 144 लागू रहेगी
परीक्षा में नकल रोकने के लिए सख्त उपाय किए गए हैं। यदि कोई परीक्षार्थी अनुचित साधनों का प्रयोग करते पकड़ा जाता है और कोई व्यक्ति उसकी सहायता करता है तो ऐसे में उसे 3 साल की सजा का प्रावधान किया गया है। इतना ही नहीं अनुचित साधनों का प्रयोग करते पाए जाने वाले दूसरे व्यक्ति को सरकारी सेवा में भी नहीं लिया जाएगा। वही परीक्षा केंद्र से 100 गज की दूरी तक धारा 144 लागू रहेगी।




