मप्र उपचुनाव : कांग्रेस-बीजेपी खेल रही है प्रेशर पॉलिटिक्स, बीते 20 दिन में…. दोनों दलों ने करा ये काम

भोपाल : मध्यप्रदेश की 4 सीटों पर होने वाले मतदान से पहले दोनों प्रमुख दल कांग्रेस-बीजेपी एक दूसरे के खिलाफ जमकर हमलावर है, जहां एक तरफ भाजपा के निशाने पर पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ है तो वहीं दूसरी तरफ कमलनाथ मुख्यमंत्री शिवराज, प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा को अड़े हाथों लिए हुए है। उपचुनाव से पहले कांग्रेस और बीजेपी दोनों प्रेशर पॉलिटिक्स खेल रही हैं।
दरअसल, दोनों पक्षों की तरफ से अब तक 50 से ज्यादा शिकायतें चुनाव आयोग में की जा चुकी हैं।
चुनाव आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक बीते 20 दिन में 50 से ज्यादा शिकायतें चुनाव आयोग को मिली हैं। सबसे ज्यादा शिकायतें कांग्रेस की तरफ से चुनाव आयोग में की गई है, कांग्रेस ने शिवराज सरकार के लगातार लिए जा रहे फैसलों की शिकायत चुनाव आयोग से की है। जिला स्तर से लेकर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय में इन शिकायतों को भेजा गया है।
हालांकि, इस मामले में कांग्रेस महामंत्री जेपी धनोपिया का कहना है अब तक 25 से ज्यादा शिकायतें मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय को भेजी गई हैं, लेकिन उन शिकायतों के समाधान के संबंध में अब तक उन्हें कोई जानकारी नहीं मिली है। जबकि, बीजेपी मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने कहा कि कांग्रेस हर मामले में शिकायत कर चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्थाओं के भरोसे को कम कर रही है, मतदान में अब 10 दिन का समय बाकी है।
गौरतलब है कि 30 अक्टूबर को 4 सीटों के लिए मतदान होगा, जिसके नतीजे 2 नवंबर को घोषित किए जाएंगे, लेकिन उससे पहले इन सीटों को जीतने के लिए दम लगा रहे सियासी दल चुनाव आयोग में शिकायत कर प्रेशर पॉलिटिक्स का भी इस्तेमाल कर रहे हैं। बहरहाल अब देखना होगा की ये सियासत कब तक जारी रहती है।




