MP : मंत्रियों की मांग के बाद फिर बढ़ाई गई तबादलों की समय सीमा, बताई गई ये वजह 

भोपाल : मध्यप्रदेश में तबादलों की समय सीमा को एक बार फिर बढ़ाकर 31 अगस्त तक कर दिया है। राज्य सरकार की ओर से इस संबंध में आदेश जारी कर दिया गया है। यानी अब तबादले 31 अगस्त तक किए जा सकेंगे। इस समय सीमा को एक बार फिर बढ़ाने के पीछे ग्वालियर चंबल में हाल ही में आई बाढ़ बताई गई हैं। 

कहा जा रहा है कि ग्वालियर चंबल संभाग में भारी बारिश और बाढ़ की वजह से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया था। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह ने ग्वालियर चंबल के सभी 8 जिलों के प्रभारी मंत्रियों को मौके पर तैनात रहने के निर्देश जारी किए थे और राहत बचाव में जुटने के आदेश मंत्रियों से लेकर अधिकारियों तक को दिए गए थे। इस वजह से मंत्री व्यस्त रहे और तबादलों की समय सीमा निकल गई। 

इतना ही नहीं कुछ दिन पहले ही कैबिनेट की बैठक के दौरान मंत्रियों ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के सामने यह विषय उठाया था कि बाढ़ आपदा की वजह से तबादलों के आदेश जारी नहीं हो पाए है, लिहाजा समय सीमा को बढ़ाया जाए। वहीं, मंत्रियों की इस मांग के बाद तबादला करने की समय सीमा 31 अगस्त तक बढ़ाने का फैसला किया गया है। इससे पहले तबादलों पर छूट की समय सीमा को 7 अगस्त तक बढ़ाया गया था। 

Exit mobile version