
नई दिल्ली : सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के बीच मुलाकात हुई। इस मुलाकात में कई अहम मुद्दों पर चर्चा की गई है। करीब एक घंटे चली मुलाकात में राष्ट्रीय मुद्दों से लेकर प्रदेश कांग्रेस के बदलाव जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई है।
मालूम हो कि बीते दिनों भी कमलनाथ और सोनिया गांधी की दिल्ली में मुलाकात हुई थी। कयास लगाए जा रहे थे कि कांग्रेस संगठन में संभावित बदलाव में कमलनाथ को भी महत्वपूर्ण भूमिका दी जा सकती है। वहीं, पार्टी सूत्रों का कहना है, कमलनाथ वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर नई टीम बनाना चाहते हैं।
बता दे कि प्रदेश संगठन में बदलाव की तैयारी काफी समय से चल रही है इसे लेकर कमलनाथ सभी वरिष्ठ नेताओं से प्रारंभिक चर्चा भी कर चुके हैं। हालांकि पार्टी की ओर से इस बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है।
जानकारी के अनुसार, कमलनाथ 2023 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर टीम बनाने की कवायद में जुटे हैं। जिसको लेकर कमलनाथ की राहुल गांधी से बात हुई है। इसके अलावा मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, राष्ट्रीय स्तर पर गठबंधन और प्रदेश संगठन से जुड़े मामलों पर उन्होंने जानकारी दी।
कमलनाथ के एक करीबी नेता के मुताबिक राहुल गांधी से हुई मुलाकात के दौरान मप्र में प्रस्तावित खंडवा लोकसभा सहित पृथ्वीपुर, जोबट और रैगांव विधानसभा उप चुनाव काे लेकर भी चर्चा हुई। कमलनाथ ने चयन को लेकर सर्वे कराए जाने की जानकारी भी राहुल गांधी को दी।