
भोपाल : मध्यप्रदेश के खरगोन में तीसरे दिन भी कर्फ्यू जारी है, फिलहाल कर्फ्य़ू में कोई छूट नहीं दी गई है। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि खरगोन में जिला प्रशासन स्थानीय परिस्थितियों का आंकलन कर कर्फ्यू में ढील पर फैसला करेगा।
जबकि, खरगोन प्रशासन की ओर से कहा गया है कि कर्फ़्यू में किसी भी प्रकार की कोई छूट नही दी गई है। आप सब घरों में रहकर कर्फ़्यू का पालन करें। छूट को लेकर पृथक से सूचना दी जाएगी। शहर कानून व्यवस्था बनाएं रखने के लिए कार्यपालिक दंडाधिकारियों को नियुक्त किया गया है।
गृह मंत्री ने बताया कि खरगोन से पलायन की खबरें असत्य और भ्रामक हैं। डर के साए में प्रदेश में न कहीं पलायन हुआ है,न हम कहीं ऐसा होने देंगे।
वहीं, मंगलवार को सीएम शिवराज सिंह द्वारा कानून व्यवस्था को लेकर हुई हाई लेवल मीटिंग के बाद मध्य प्रदेश के सभी जिले अलर्ट मोड पर है।
गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने बताया कि आगामी दिनों में कई पर्व आ रहे हैं, इसे देखते हुए मध्य प्रदेश के सभी जिले अलर्ट मोड़ पर हैं। मुख्यमंत्री जी ने एहतियातन सभी सम्मानित मंत्रियों को अपने-अपने प्रभार के जिलों में व्यवस्थाओं पर नजर रखने के निर्देश दिए हैं और परिस्थतियों के हिसाब से चर्चा करने के कहा है।