खंडवा लोकसभा सीट : टिकट के लिए घमासान, अब होगी कन्हैया कुमार की एंट्री, मैदान में उतरे अरुण यादव

खंडवा : खंडवा लोकसभा सीट उप चुनाव के लिए अभी पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव को टिकट भले ही ना मिला हो, लेकिन उन्होंने यहां काम शुरू कर दिया है। शुक्रवार को यादव ने अपने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उनके साथ कांग्रेस के कई कार्यकर्ता मौजूद थे। इस दौरान उन्होंने पार्टी में नए नए आए कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार की तारीफ की और कहा वो उन्हें प्रचार के लिए खंडवा लाएंगे। 

बता दे कि खंडवा लोकसभा सीट का हाल सबके सामने है, टिकट के लिए कांग्रेस में भी घमासान मचा हुआ है। इस सीट से अरुण यादव की दावेदारी है जिन्हें कांग्रेस के बागी निर्दलीय विधायक सुरेन्द्र सिंह शेरा चुनौती दे रहे हैं। वो अपनी पत्नी के लिए टिकट की मांग पर अड़े हैं। वहीं, इस से पहले अपना टिकट पक्का करने के लिए अरुण यादव भी दिल्ली दौरा कर आए है, वो पीसीसी चीफ कमलनाथ और प्रदेश प्रभारी मुकुल वासनिक से मिलकर अपनी बात कह चुके हैं। 

इधर, सियासी गलियारों में इस बात की चर्चा है कि कांग्रेस की एक बड़ी लॉबी अरुण यादव के साथ है, इसलिए उनका टिकट लगभग तय ही माना जा रहा है। 
लेकिन, निर्दलीय विधायक सुरेंद्र सिंह शेरा इस बात का भी दावा कर चुके है कि कमलनाथ ने उन्हें टिकट देने का आश्वासन दे दिया है। उनका कहना है कि खंडवा लोक सभा सीट से उप चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने पूरी तैयारी कर ली है। विधायक शेरा ने कहा है कि खंडवा सीट से कांग्रेस का टिकट उनकी पत्नी जयश्री को ही मिलेगा। अरुण यादव का नाम कहां से तय हो गया? क्या उन्हें बी फॉर्म मिल गया? शेरा ने कहा कि इस क्षेत्र में आम आदमी की सुनेंगे, तो सिर्फ जयश्री का ही नाम आएगा। 

वहीं, बुरहानपुर के निर्दलीय विधायक शेरा जिस तरह से अरुण यादव के खिलाफ लगातार बयानबाजी कर रहे हैं और टिकट पाने की बात कर रहे हैं इस संदर्भ में जब अरुण यादव से पूछा गया तो उन्होंने शेरा के सवाल को अनसुना करते हुए उस पर किसी भी तरह से चर्चा करने से इंकार कर दिया। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के बारे में अरुण यादव ने कहा- दिग्विजय सिंह का आशीर्वाद हमेशा से ही साथ रहा है। लेकिन दिग्विजय सिंह ने पुस्तक विमोचन के दौरान जिस तरह से RSS की तारीफ की है इस सवाल को सुनते ही अरुण यादव ने इस पर कुछ भी जवाब देने से इनकार कर दिया। 
 

Exit mobile version