
भाजपा पर कमलनाथ का तंज, संविधान बनाने वाले बाबासाहेब ने यह कभी नहीं सोचा होगा कि संविधान में इतनी गिरावट आएगी और सरकार गिराई जाएगी
भोपाल/गरिमा श्रीवास्तव:- आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अंग्रेजों भारत छोड़ो की वर्षगांठ पर अपने भाषण के दौरान भाजपा पर निशाना साधा. कमलनाथ ने कहा कि संविधान बनाने वाले बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर ने यह कभी नहीं सोचा था कि संविधान में इस तरह से गिरावट आएगी और बनी बनाई सरकार गिराई जाएगी..
पर ऐसा लगातार देखने को मिला है कि अलग-अलग राज्यों में सरकार गिराए जाने की कोशिश की जा रही है. कई जगहों पर सफलता भी हाथ लगी है. पर इससे संविधान का सिर्फ हनन हुआ है.
भाषण के दौरान कमलनाथ ने कहा कि आज हम संकल्प लें कि इस संविधान की रक्षा करेंगे और लोकतंत्र की नींव को हिलने नहीं देंगे, तभी हम स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान कर सकते हैं.
बताते चलें कि आज ही के दिन 9 अगस्त 1942 को महात्मा गांधी ने भारत छोड़ो आंदोलन का बिगुल बजाया था. अपने भाषण के दौरान बार-बार पीसीसी चीफ कमलनाथ भाजपा पर हमलावर हो रहे थे. उन्होंने कहा कि जहां जहां सरकार गिरा ली थी भाजपा ने गिरा ली. अब जरूरत है संविधान की रक्षा करने की. अगर हम संविधान की रक्षा करना चाहते हैं तो हम सबको मिलकर संकल्प लेना होगा. तभी हम स्वतंत्रता सेनानियों का सम्मान कर सकेंगे.
भाषण के दौरान कमलनाथ ने युवाओं से अपील की कि आप ही आने वाली पीढ़ी हैं और समाज का दर्पण. संविधान की रक्षा करना अब आपका कर्तव्य है. अब यह आपको सुनिश्चित करना होगा कि संविधान की रक्षा कैसे की जाए. हमारा भारत कैसा होना चाहिए. यह अब नौजवानों को सोचना पड़ेगा और संविधान की सुरक्षा के लिए बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना होगा.