कमलनाथ जब मुख्यमंत्री थे तब जैकलीन के दर्शन करते थे, हमारे मुख्यमंत्री जनता के दर्शन करते हैं: नरोत्तम मिश्रा 

भोपाल/निशा चौकसे:- मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की तुलना करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ पर तंज कसा है. उन्होंने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान जनता के दर्शन करते हैं, लेकिन जब कमलनाथ सीएम थे तो जैकलीन के दर्शन करते थे और उनके साथ फोटो भी खिचवाते थे. दरअसल, फिल्म अभिनेत्री जैकलीन फर्नांडिस पिछले साल फरवरी में मध्यप्रदेश में फिल्म फेयर अवार्ड की डेट अनाउंसमेंट के लिए कमलनाथ सरकार द्वारा आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने भोपाल आई थीं.

गृह मंत्री का कमलनाथ पर वार 
नरोत्तम मिश्रा ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री तो जनता के दर्शन करते हैं, लेकिन कमलनाथ तो जैकलीन के दर्शन करते थे. कांग्रेस और बीजेपी में यही अंतर है. वे दर्शन देने आते हैं. जैसे कमलनाथ बड़वानी आए और 10 मिनिट मंच पर रुके, दर्शन दिए और चले गए. साथ ही कहा कि मुख्यमंत्री जनता के बीच जाते हैं. वे प्रारंभ से ही एक बात कहते आए हैं कि मध्य प्रदेश मेरा मंदिर है और इमसें रहने वाली जनता मेरे भगवान हैं. मैं इस मंदिर का पुजारी हूं. कमलनाथ तो दिल्ली में रहते हैं, वे भोपाल सिर्फ बैठक करने आते हैं और फिर वापस दिल्ली चले जाते हैं, लेकिन शिवराज सिंह चौहान जनता के बीच रहते हैं.

मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कहा कमलनाथ से बड़ा एक्टर नहीं
हाल ही में शिवराज सरकार में नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कमलनाथ पर हमला बोला था. उन्होंने कहा कि जैकलीन फर्नांडिस क्या है.. उनको भोपाल लाकर उनके साथ फोटो खिंचाना, फिल्म इंडस्ट्री के लोगों से मिलना-जुलना, इसमें कमलनाथजी हमेशा आगे रहे हैं. कमलनाथ से बड़ा एक्टर कोई नहीं है.

 

Exit mobile version