
जबलपुर : पंक्चर ट्रक की स्टेपनी बदल रहे पिता पुत्र को ट्रक ने कुचला, टक्कर मारने वाले ट्रक के चालक सहित तीनों की मौत
- राष्ट्रीय राजमार्ग हुलकी रमनापुर में भीषण हादसा
- आरोपी ट्रक चालक ने अस्पताल में तोड़ा दम
- हादसे के बाद सड़क पर लगा जाम पुलिस ने किया देर रात बहाल
द लोकनीति डेस्क जबलपुर
नेशनल हाईवे पर पंचर हुए ट्रक की स्टेफनी बदल रहे ड्राइवर और कंडक्टर को पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें दोनों वाहनों की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई। भीषण हादसे में आरोपी वाहन चालक को भी गंभीर चोटें आई सूचना पर पहुंची बरगी पुलिस ने घायल को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल पहुंचाया। जहां उपचार के दौरान उसकी भी मौत हो गई। हादसे के बाद हाईवे पर लगे जाम को बरगी पुलिस ने देर रात बहाल कर किया।
पुलिस से हासिल जानकारी के मुताबिक नेशनल हाईवे बरगी थाना क्षेत्र के ग्राम हुलकी रमनपुर के पास ट्रक क्रमांक एमपी 20 एचबी 6284 पंचर हो गया था। ट्रक के चालक राजू यादव निवासी धूमा डोंगरी और उसका परिचालक बेटा राजवीर यादव स्टैपनी बदल रहे थे। रात करीब 10:30 बजे पीछे से आ रहे वाहन क्रमांक एमएच 12 एलटी 3784 के चालक अनिल यादव ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए पीछे से टक्कर मार दी।
तेज धमाके से दहल उठा पूरा क्षेत्र : वाहन की रफ्तार तेज होने पर हुई भीषण भिड़ंत से तेज धमाका हुआ। जिससे पूरा क्षेत्र दहल उठा आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि स्टेपनी बदल रहे पिता-पुत्र की मौके पर मौत हो चुकी थी। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को मेडिकल भेजते हुए घायल चालक अनिल की यादव को उपचार के लिए मेडिकल अस्पताल भेजा, जहां सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।