महंगाई की मार : दूसरे दिन भी बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, 80 से 85 पैसे तक हुआ इज़ाफ़ा

नई दिल्ली : पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव खत्म होने के कुछ दिनों के बाद बीते दिन से पेट्रोल-डीजल पर राहत मिलनी बंद हो गई है। जहां मंगलवार को सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीज़ल के दामों में 80-80 पैसे का इज़ाफ़ा किया तो वहीं आज यानी बुधवार को भी इन दामों में बढ़ोतरी की गई है। देश में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बुधवार को लगातार दूसरे दिन इजाफा हुआ है। 

बता दे कि अलग अलग राज्यों के हिसाब से इन दामों में उछाल आया है। राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पेट्रोल और डीजल के दाम 80 पैसे बढ़े हैं। जबकि, मुंबई में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 85 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। इसके अलावा चेन्नई में पेट्रोल के दाम 75 पैसे और डीजल के दाम 76 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। वहीं, कोलकाता में पेट्रोल पर 83 पैसे और डीजल पर 80 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। 

इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में पेट्रोल 97.01 रुपए और डीजल 88.27 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं, मुंबई में पेट्रोल की कीमत 111.67 रुपए प्रति लीटर जबकि डीजल की कीमत 95.85 रुपए प्रति लीटर हो गई है। जबकि, चेन्नई में पेट्रोल 102.91 और डीजल 92.95 रुपए प्रति लीटर मिल रहा है। ऐसे ही कोलकाता में पेट्रोल 106.34 रुपए और डीजल 91.42 प्रति लीटर बिक रहा है।

मालूम हो कि इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में पिछले कुछ दिनों में काफी तेजी से बढ़ोतरी हुई है। रूस और यूक्रेन के बीच तकरीबन महीनेभर से चल रही जंग का असर दुनियाभर में पेट्रोल-डीजल की कीमत पर भी पड़ा है। ऐसे में आशंका जताई जा रही थी कि देश में पांच राज्यों के चुनाव के नतीजे आने के बाद पेट्रोल-डीजल के रेट्स में बदलाव आ सकता है। 10 मार्च को आए नतीजों के बाद 22 मार्च से पेट्रोल-डीजल की कीमतें बढ़ने लगीं है। 
 

Exit mobile version