विदेशी मुद्रा भंडार में हुई भारी वृद्धि, अर्थव्यवस्था में सुधार के आसार

देश के विदेशी मुद्रा भंडार (Foreign exchange reserves)  में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आरबीआई की ताजा रिपोर्ट के अनुसार 31 जनवरी को समाप्त सप्ताह में देश का विदेशी मुद्रा भंडार 4.60 अरब डॉलर बढ़कर रिकॉर्ड 471.30 अरब डॉलर हो गया। इस दौरान, फॉरेन करेंसी असेट्स (Foreign currency assets) 4.30 अरब डॉलर बढ़कर 437.25 अरब डॉलर रहे और आरक्षित स्वर्ण भंडार 28.2 करोड़ डॉलर बढ़कर 28.99 अरब डॉलर हो गया। अंतरराष्ट्रीय मुद्राकोष (IMF) के पास रखा विशेष आहरण अधिकार (एसडीआर) 40 लाख डॉलर कम होकर 1.43 अरब डॉलर रहा।

देश का आईएमएफ के पास मुद्रा भंडार 3.615 अरब डॉलर पर स्थिर रहा। मौद्रिक नीति समीक्षा में आरबीआई (RBI) ने बताया कि 4 फरवरी को भंडार रिकॉर्ड 471.4 अरब डॉलर था। इससे पूर्व 24 जनवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 4.535 अरब डॉलर बढ़कर 466.693 अरब डॉलर पहुंच गया था। बता दें कि विदेशी मुद्रा परिसंपत्ति को डॉलर में बताया जाता है। इसमें अमेरिकी मुद्रा को छोड़कर विदेशी मुद्रा भंडार में रखे गये यूरो, पौंड और येन जैसी मुद्राओं में मूल्य ह्रास या मूल्य वृद्धि के प्रभाव को शामिल किया जाता है।

Exit mobile version