भारतीय संस्कृति में फटे हुए कपड़ों को पहनना होता है अपशकुन, मर्यादा में रहे लड़कियां – मंत्री उषा ठाकुर

मध्यप्रदेश/भोपाल – उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत के 'फटी जींस' वाले बयान को मध्यप्रदेश की संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर का समर्थन मिला हैं। मंत्री उषा ठाकुर ने कहा कि लड़कियों को रिप्ड जींस नहीं पहनना चाहिए। उन्होंने कहा भारतीय संस्कृति में फटे हुए कपड़ों को पहनना अपशकुन माना गया हैं। उषा ठाकुर ने लड़कियों को मर्यादा में रहने की नसीहत भी दी। फिर बोलीं कि वैसे भी एमपी की लड़कियां मर्यादा में रहती है, लेकिन जो फटे कपड़े पहन रही हैं उन्हें अपनी संस्कृति और संस्कारों की चिंता करना चाहिए।
दरअसल, उत्तराखंड के सीएम तीरथ सिंह ने बीते दिनों महिलाओं के फटे जींस पहनने और बदन दिखाने को लेकर बयान दिया था। तीरथ सिंह ने महिलाओं के फटी हुई जींस पहनने पर कहा था कि ये कैसे संस्कार हैं, तीरथ सिंह रावत ने युवाओं के पश्चिम सभ्यता की ओर आकर्षित होने और संस्कार सीखने को लेकर भी बयान दिया था। अब उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत का शिगूफा एमपी में भी चर्चा में हैं। संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर भी तीरथ सिंह की बात से पूरा इत्तेफाक रखती है, और उन्होंने इसको लेकर अप्पति भी जताई हैं।
इस से पहले भाजपा विधायक कृष्णा गौर का उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को समर्थन किया मिला था। उन्होंने कहा था कि आधुनिकता की होड़ में हमें यह नहीं भूलना चाहिए कि हम सभ्य समाज में रहते हैं। हमारी आधुनिक पीढ़ी आधुनिकता के दौर में परिवेश को ही आधुनिकता मान बैठी हैं। हमें आधुनिक होना चाहिए लेकिन आवरण से नहीं आचरण में आधुनिक होना चाहिए। फटी जींस पहनना सभ्यता की निशानी कभी नहीं हो सकती हैं। जींस पहनने में कोई बुराई नहीं है, लेकिन फटी जींस पहनना कौन सी सभ्यता है?
जबकि इस मामले पर प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल भी बयान दे चुके हैं। कृषि मंत्री कमल पटेल ने कहा था कि अगर आप भी फटे कपड़े पहनेंगे तो उस पर हमारी नजर जाएगी। ठीक इसी तरह जब हमारी माता-बहनें फटे कपड़े पहनती हैं, तो उस पर लोगों की नजर जाती हैं। हमारी माताएं-बहनें हमारी इज्जत हैं और हमारी सम्मान हैं। इसलिए उनको फटे कपड़े नहीं पहनने चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर हमें बेटियों को सुरक्षित रखना है तो उन्हें मर्यादा में रखने की जरुरत हैं। कपड़े पहनने में मर्यादा होनी चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि हम जब तक पाश्चात्य सभ्यता के पीछे जाएंगे तो दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि उत्तराखंड के मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने लड़कियों के फटी जींस पहनने पर विवादित बयान दिया था। उनके उस बयान का पूरे देश की महिलाओं ने एक सुर से विरोध किया। सोशल मीडिया पर पोस्ट डाले गए। हालांकि विवाद बढ़ा तो तीरथ सिंह ने माफी मांग ली लेकिन अब एमपी के मंत्री, विधायक भी अपने विचार व्यक्त करने में मशगूल हैं।




