धार में मंदिर के पुजारी और चौकीदार की लाठी-डंडों से की पिटाई, पुजारी ने तोड़ा दम

धार/अंजली कुशवाह: मध्य प्रदेश में आये दिन मारपीट जैसी हिंसक की घटनाएँ हो रही हैं. ऐसी ही एक घटना धार में घटित हुई हैं. यहाँ चार बदमाशों ने हनुमान मंदिर के पुजारी की पीट-पीटकर हत्या कर दी. बदमाशों ने पुजारी और मंदिर के चौकीदार के साथ जमकर मारपीट की. जानकारी के अनुसार पुजारी को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया जबकि चौकीदार की हालत फ़िलहाल गंभीर बताई जा रही हैं. सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पुलिस पहुंची और अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी.

मंदिर में 6-7 सालों से सेवा दे रहे थे बाबा अरुणदास

मिली जानकारी के अनुसार धार के ज्ञानपुरा गांव के कड़बान पहाड़ी पर स्थित हनुमान मंदिर में बाबा अरुणदास पिछले 6-7 सालों से सेवा दे रहे थे. रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे मंदिर के बाहर कुछ युवक खड़े थे. बाबा और चौकीदार राहुल ने खड़े रहने की वजह पूछी, तो आरोपी भड़क गए और बाबा के साथ-साथ चौकीदार पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया. बदमाशों ने बाबा को बुरी तरह से लाठी, डंडे से पीटा. इसके अलावा पुजारी को बचाने आए चौकीदार पर भी हमला कर दिया. चौकीदार ने जैसे-तैसे इसकी जानकारी पास के शिव मंदिर के पुजारियों की दी. पुजारी बाबा को गंभीर हालत में धार जिला अस्पताल लेकर पहुंचे. जहां उन्होंने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया.

बदमाशों के खिलाफ मामला हुआ दर्ज

टीआई रणजीत सिंह बघेल ने बताया कि टीम ने घटना स्थल का निरीक्षण कर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

लगातार बढ़ रही हैं हिंसक घटनाएँ  

मध्य प्रदेश में लगातार हिंसक घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं. पिछले कई दिनों से इस तरह की घटनाएँ आये दिन सामने आ रही हैं. लोगों पर ना तो कानून का और ना ही प्रशासन का डर दिख रहा है.

Exit mobile version