
भोपाल से खाईद जौहर की रिपोर्ट – रविवार को मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ डबरा पहुंचे थे। जहां उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी सुरेश राजे (Congress candidate Suresh Raje) के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए शिवराज कैबिनेट की मंत्री इमरती देवी पर तंज कसते हुए उन्हें आइटम कह डाला।
कमलनाथ के इस बयान के बाद प्रदेश सहित देश की राजनीति भी गरमा गई।
मध्यप्रदेश भाजपा (MP BJP) ने इसको लेकर जमकर कांग्रेस का घेराव किया। साथ ही भोपाल में पुरानी विधानसभा के पास महात्मा गांधी की प्रतिमा के सामने मौन धरने भी दिया।
वहीं दूसरी तरफ कमलनाथ के इस बयान को लेकर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी का भी बड़ा बयान सामने आया। राहुल गांधी ने भी कमलनाथ के इस बयान पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा की महिला के खिलाफ इस भाषा का इस्तेमाल करना गलत हैं।
इधर, राहुल गांधी के इस बयान पर मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज ने इसका घेराव किया।
सीएम शिवराज सिंह ने कहा कि ‘राहुल गांधी ने कमलनाथ के बयान को गलत तो माना है, लेकिन कमलनाथ के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है, अगर राहुल गांधी और पार्टी की अध्यक्ष सोनिया गांधी कमलनाथ को गलत मानते हैं, तो उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि समझ नहीं आ रहा कि कांग्रेस ने कमलनाथ को अभी तक अध्यक्ष क्यों बना रखा हैं। कमलनाथ चोरी और सीना जोरी का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कमलनाथ अकड़ दिखा रहे हैं, जबकि उन्हें अपने दिए बयान पर माफी मांगनी चाहिए।