मैं सिंधिया का चपरासी हूं, वो मेरे आका है, कलेक्टर-एसपी से न डरे, ये है हमारे नौकर – राज्यमंत्री सुरेश धाकड़ 

दतिया : 15 अगस्त को दतिया जिले में ध्वजारोहण करने के लिए पहुंचे मध्य प्रदेश सरकार के लोक निर्माण विभाग राज्यमंत्री और जिला प्रभारी सुरेश धाकड़ ने एक बड़ा बयान देकर प्रदेश की सियासत को गरमा दिया। मंत्री जी ने कहा कि मैं सिंधिया का चपरासी हूं। सिंधिया मेरे आका है और सिंधिया का नाम मैं खराब नहीं होने दूंगा। उन्होने कलेक्टर और एसपी से ना डरने की बात कही। उन्होंने कहा कि यह हमारे नौकर हैं। सरकार के नौकर हैं। हम इनके नौकर नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि ना तो हमें कलेक्टर एसपी से रिश्तेदारी करनी है और ना संबंध बनाने हैं।

दरअसल, मंत्री सुरेश धाकड़ के पास भांडेर क्षेत्र के कई व्यापारी पहुंचे थे। उनकी शिकायत थी कि उनको बिजली के बिल ज्यादा दे दिए गए हैं और चेकिंग के नाम पर विजिलेंस ने अनाप-शनाप राशि के बिल थमा दिए हैं। इस शिकायत पर मंत्री सुरेश धाकड़ ने ये बात कही। 

उन्होंने व्यापारियों को विश्वास दिलाया कि वे जब तक यहां पर हैं वह उन्हें परेशान नहीं होने देंगे। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि वे उन्हें पूरी कार्रवाई करके रिपोर्ट भी करें कि व्यापारियों को किस तरह की राहत दी गई है।

इसके अलावा बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन सारे नोटिसो को फाड़ दें और किसी भी तरह से व्यापारियों को परेशान ना करें। उन्होंने व्यापारियों से भी कहा कि वह रीडिंग के आधार पर ही बिल पे करें। जब व्यापारियों ने कहा कि बिजली विभाग के अधिकारियों ने उन्हें चोर कहा है तो मंत्री जी ने कहा कि यदि तुम ठान लोगे तो बिजली विभाग का एसई यहां नहीं रहेगा।

Exit mobile version