मैं महाराजा नहीं मैं तो सिर्फ़ कमलनाथ हूं ,महाराजाओं को तो आपने आज़मा लिया और पहचान भी लिया…

मध्यप्रदेश/शिवपुरी – पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ बुधवार को शिवपुरी जिले की करैरा विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी प्रागीलाल जाटव व शिवपुरी जिले की पोहरी विधानसभा के कांग्रेस प्रत्याशी हरिवल्लभ शुक्ला के समर्थन में आयोजित विशाल जनसभाओं को संबोधित करने पहुंचे थे। 

जहां से उन्होंने एक बार फिर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह और भाजपा राज्यसभा सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर निशाना साधा। 

कमलनाथ ने कहा कि प्रदेश की जनता ने 15 वर्ष बाद अपने वोट से कांग्रेस की सरकार बनाई लेकिन हमारी 15 माह की सरकार को नोटों के बल से गिरा दिया और नोट की सरकार बना ली गई। चुनाव तो प्रजातंत्र का उत्सव होते हैं लेकिन भाजपा ने इन उपचुनावों को सौदेबाजी का उत्सव बना दिया, लोकतंत्र को धन तंत्र में तब्दील कर दिया। मध्य प्रदेश को कलंकित देशभर में भाजपा ने किया।प्रदेश की राजनीति को भाजपा ने बिकाऊ राजनीति बना दिया।

उन्होंने कहा कि आज देश भर में उप चुनाव हो रहे हैं लेकिन मध्यप्रदेश में 28 उपचुनाव में से 25 उपचुनाव किसी के निधन के कारण नहीं हो रहे है बल्कि सौदेबाजी व बोली के कारण यह उपचुनाव हो रहे हैं। वीरों की माटी ग्वालियर-चंबल को देशभर में बदनाम किया, इस अनैतिक राजनीति का ऐसा दौर किसी ने कभी नहीं सोचा होगा।

मैं महाराजा नहीं मैं तो सिर्फ़ कमलनाथ हूं ,महाराजाओं को तो आपने आजमा लिया और पहचान भी लिया।

कमलनाथ ने आगे कहा कि यहां के लोग सब कुछ बर्दाश्त कर सकते हैं लेकिन ग़द्दारों और बिकाऊओ को बर्दाश्त नहीं कर सकते है, यहां के लोग यही संदेश देश भर में देंगे।

Exit mobile version