हिजाब विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, तत्काल सुनवाई से इनकार, कोर्ट का कहना राष्ट्रीय मुद्दा ना बनाएं

हिजाब विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, तत्काल सुनवाई से इनकार, कोर्ट का कहना राष्ट्रीय मुद्दा ना बनाएं

 

 नई दिल्ली:- कर्नाटक से शुरू हुआ हिज़ाब विवाद अब सुप्रीम कोर्ट तक पहुंच चुका है. जिसके बाद सुप्रीम कोर्ट ने यह बात कही कि हिजाब विवाद को राष्ट्रीय मुद्दा ना बनाएं.

 

इसके साथ ही तत्काल सुनवाई से सुप्रीम कोर्ट द्वारा इनकार भी कर दिया गया है. दरअसल इस मामले में गुरुवार को कर्नाटक हाईकोर्ट ने अंतिम फैसला आने तक स्कूल और कॉलेजों में धार्मिक कपड़े नहीं पहनने का अंतरिम आदेश दिया था. जिसे सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी गई है.हिज़ाब पहनने पर रोक के खिलाफ दायर अर्जी पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से इनकार किया है.चीफ जस्टिस एनवी रमन की बेंच ने कहा कि उचित समय पर हम इस अर्जी पर सुनवाई करेंगे. इसके साथ ही अदालत में अर्जी दाखिल करने वालों को नसीहत भी दी है.

 

कोर्ट ने याचिकाकर्ताओं से यह बात कही है कि वे इसे राष्ट्रीय मुद्दा ना बनाएं. अदालत ने साफ तौर पर कहा कि इस मसले पर याचिकाकर्ताओं को हाईकोर्ट के फैसले का इंतजार करना चाहिए जहां सोमवार को एक बार फिर से सुनवाई होनी है.

 

बताते चले कि हिजाब को लेकर छिड़ा विवाद कर्नाटक के बाहर दिखने लगा है. महाराष्ट्र, आंध्रप्रदेश, दिल्ली, मध्य प्रदेश समेत कई राज्यों में हिजाब के समर्थन में प्रदर्शन किए गए हैं.

 

 इस मुद्दे पर कई हस्तियों के भी बयान सामने आ रहे हैं.अभिनेत्री कंगना रनौत ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अगर हिम्मत है तो अफगानिस्तान में बुर्का ना पहन कर दिखाओ,आजाद रहना सीखो ना कि पिंजरे में कैद होना.

 

वहीं दूसरी तरफ शबाना आजमी ने लिखा कि अगर मैं गलत हूं तो मुझे सही करें.अफगानिस्तान एक धार्मिक राज्य है और जब मैंने आखिरी बार चेक किया था तो भारत एक धर्मनिरपेक्ष लोकतांत्रिक गणराज्य था.

 

वही सोनम कपूर ने पगड़ी में एक पुरुष और हिजाब में एक महिला की तस्वीर शेयर की और यह सवाल किया कि पगड़ी एक ऑप्शन क्यों हो सकता है जबकि एक हिजाब क्यों नहीं हो सकता है?1 दिन पहले गीतकार जावेद अख्तर हिजाब पहनने के लिए महिलाओं पर कथित हमलों की निंदा की थी.

आगे देखना होगा कि इस मुद्दे पर सोमवार को होने वाली सुनवाई में हाई कोर्ट का क्या फैसला होता है.

Exit mobile version